गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: नगर थाना क्षेत्र के भितभेरवा पूरब टोला गांव में पीडिया पर्व को लेकर पांच सौ रुपए चंदा नहीं देने पर एक वृद्ध महिला व उसके पोते को मारपीट कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया। जख्मी घूरला देवी व उसके पोते कृष्णा कुमार को इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।
घायलों ने बताया कि पीड़िया पर्व को लेकर गांव की कुछ युवती व महिलाएं उनके दरवाजे पर पहुंची और पांच सौ रुपए चंदा मांगने लगी। चंदा के रूप में दो सौ रुपए देने की बात कहने पर युवती व महिलाएं नाराज होकर वहां से चली गई। इसके बाद वृद्ध महिला अपने पोते के साथ खेत में काम करने के लिए जा रही थी तो रास्ते में युवती व महिलाओं ने घेर लिया और पांच सौ रुपए चंदा नहीं देने का आरोप लगाते हुए उसके साथ मारपीट करने लगी। मारपीट के दौरान लाठी-डंडों से हमला कर महिला व बच्चे को घायल कर दिया गया।
आपको बताते चलें कि स्थानीय लोगों के बीच-बचाव करने के बाद मामला शांत हुआ। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों ने दोनों घायलों को इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में पहुंचाया। जहां उनका इलाज चल रहा है।