गोपालगंज।व्हीएसआरएस संवाददाता : जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र के सहलादपुर गांव पूर्व के विवाद को लेकर हुई दो पक्षों के बीच मारपीट में करीब दो दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए पहले स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया। इसके बाद डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल में रेफर कर दिया। जहां इमरजेंसी वार्ड में उनका इलाज चल रहा है।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि गांव के लक्ष्मण राम व बीरबल राम के बीच पूर्व से जमीन विवाद चल रहा था। करीब तीन माह पूर्व हुई मारपीट के दौरान लक्ष्मण राम के घर के लोगों ने दूसरे पक्ष के एक युवक को पकड़कर उसकी पिटाई करते वीडियो बना लिया था। इसके बाद मारपीट की घटना के कुछ दिन बीत जाने के बाद लक्ष्मण राम के घर के युवकों ने मारपीट के वीडियो पर भोजपुरी गीत सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। वायरल वीडियो को देखकर बीरबल राम के घर के लोग पूछताछ के लिए पहले पक्ष के लोगों के यहां गए। इसके बाद दोनों पक्ष्र आपस में भिड़ गए। फिर मारपीट शुरू हो गई।
मारपीट में एक पक्ष से लक्ष्मण राम, कबुतरी देवी, सागर राम, मुन्नी देवी, टुनटुन कुमार, मुकेश कुमार, सूरज कुमार, हरी राम, भूली राम सहित करीब 12 लोग घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष से अजीत कुमार, बीरबल राम, रंजीत राम, बिरजू राम, छोटे लाल राम, बृजमोहन राम, बृजकिशोर राम, दीना राम, अनीता कुमारी, ललिता कुमारी, सीमा देवी, रेशमा देवी, कांति देवी समेत अन्य लोग घायल हो गए। घायलों ने पहले पक्ष के लोगों पर मारपीट के दौरान घर में घुसकर तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया है। वाहन को क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाया गया है।