भोरे। व्हीएसआरएस संवाददाता: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लालू- राबड़ी के शासनकाल पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पति-पत्नी के 15 बर्षों के शासनकाल में शाम होते ही घरों से बाहर निकलने की लोगों की हिम्मत नहीं होती थी।अनेक बार सामूहिक नरसंहार हुए।लेकिन हमलोगों ने अपने शासनकाल में कानून का राजस्थापित किया।।बर्ष 2018 के भारत सरकार के आंकड़े के अनुसार ही पहले जहां कानून- व्यवस्था के मामले में बिहार निचले पायदान पर था,वहीं अब पूरे देश में 23 वें स्थान पर आ गया है।बिहार का विकास दर भी पूरे देश में सबसे अधिक 12.7 प्रतिशत प्रति बर्ष हो गया है।
ये बातें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गांधी स्मारक उच्च विद्यालय भोरे के खेल मैदान में भोरे के एनडीए प्रत्याशी सुनिल कुमार और कुचायकोट के अमरेंद्र कुमार पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहीं।उन्होंने अपने 15 बर्षों के शासनकाल की उपलब्धियों के बारे में कहा कि पति-पत्नी के शासनकाल में महिलाओं को कोई इज्जत नहीं मिलती थी। हमने पंचायतों और नगर निकायों में उनके लिए 50 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की।पहले महादलितों के बच्चे बड़ी संख्या में स्कूल नहीं जा पाते थे। आज आउट ऑफ स्कूल बच्चों की संख्या आधा प्रतिशत ही रह गई है। आज लड़के और लड़कियों की संख्या विद्यालयों में करीब-करीब बराबर हो गई है। अस्पतालों में भी काफी सुधार हुआ है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में पहले मात्र 39 लोग सरकारी अस्पतालों में प्रतिमाह इलाज कराने जाते थे। आज औसतन 10000 लोग एक माह में इलाज कराने जाते हैं। हर जिले में इंजीनियरिंग, पॉलिटेक्निक, महिला आईटीआई और एएनएम संस्थान खोले जा रहे हैं। उच्च शिक्षा के लिए गरीब लोगों के बच्चों को चार लाख रुपए तक का क्रेडिट कार्ड दिया जा रहा है। बच्चों को कुशल बनाने के लिए आज कुशल युवा कार्यक्रम के तहत संवाद कौशल,व्यवहार कौशल आदि कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।पहले पुलिस बल में महिलाओं की नियुक्ति नहीं होती थी। आज प्रतिशत महिलाएं पुलिस में काम कर रही हैं। बिजली के मामले में भी काफी सुधार हुआ है। पहले जहां 700 मेगावाट बिजली की खपत होती थी, वहीं आज 6000 मेगावाट बिजली की खपत हो रही है। हर घर नल का जल 2 माह में पूरा हो जाएगा। घर-घर शौचालय काम पूरा कर लिया गया है। पक्की गली नली योजना का निर्माण चल रहा है।
उन्होंने महागठबंधन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कुछ लोग 10,000 नौकरी देने का दावा कर रहे हैं।लेकिन यह नहीं बता रहे हैं कि इसके लिए आखिर पैसा कहां से आएगा। जिसके लिए जेल गए उसी पैसे को निकालकर नौकरी देंगे क्या? आगे की कार्य योजना के बारे में बताया कि मौका मिला तो हर गांव में सोलर स्ट्रीट लाइट, हर शहर और गांव की साफ-सफाई ताकि पर्यावरण सुरक्षित रहे, हर खेत को सिंचाई के लिए पानी पहुंचाएंगे, समाज में प्रेम भाईचारा की व्यवस्था करेंगे।
सभा को बिहार सरकार के भवन निर्माण मंत्री अशोक कुमार चौधरी, सांसद आलोक कुमार सुमन, भोरे प्रत्याशी सुनील कुमार ,कुचायकोट प्रत्याशी आनंद कुमार पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय, भाजपा जिला अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह, जदयू जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार पटेल, विनोद साहनी, राजन मिश्र, विवेकानंद पांडेय, बिंदा सिंह कुशवाहा, नंदलाल मौर्य, सोनू लाल श्रीवास्तव, संतोष कुमार आदि ने संबोधित किया।