मीरगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: मीरगंज थाने के सिंगहा टोला कवलहाता में शुक्रवार की आधी रात को अपने घर के बाहर एक सोये हुए किसान को गोली मार कर हत्या कर दी गई। गोली किसान के सिर में लगी है। मृत किसान सूरज चौधरी (55) वर्ष बताया गया है। घटना की सूचना मीरगंज पुलिस को रात ढाई बजे हुई। उसके बाद मौके पर पहुंच कर मृत किसान के शव को अपने कब्जे में ले लिया। रात में ही पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को सदर अस्पताल भेज दिया। इस मामले अभी तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं करायी गई है।
बताया जा रहा है कि सिंगहा टोला कवलहाता गांव के रहने वाले सूरज चौधरी शुक्रवार की देर शाम गाय-भैंस की दूध निकालने के बाद खाना खाकर अपने घर के बाहर बने करकटनुमा रूम में सोने चले गए। परिवार के भी अन्य सदस्य घर के छत व कमरे के अंदर सोने चले गए। रात के करीब डेढ़ बजे अचानक गोली की आवाज सुनकर परिजन बाहर आए तो देखा कि सूरज चौधरी के माथे में गोली लगी हुई है और खून से लथपथ है। उसके बाद परिजन अन्य लोगों के सहयोग से हथुआ अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज के लिए रवाना हो गए। जहां डॉक्टरों ने चिंताजनक हालत में सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल ले जाने के दौरान ही किसान सूरज चौधरी ने दम तोड़ दिया। इधर,घटना की सूचना पर मीरगंज पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले के बारे में पूरी जानकारी ली। बाद में शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही है। हांलाकि समाचार प्रेषण तक इस मामले में कोई लिखित आवेदन थाने में नहीं दिया गया था। थानाध्यक्ष शशि रंजन कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच गहराई से कर रही है। अभी तक कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है।
किसान सूरज चौधरी की हत्या के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। परिवार की महिलाएं दहाड़ मारकर रोने लगी। परिवार के सदस्यों के रोने-बिलखने से समूचा गांव में मातमी माहौल बन गया है।
बताया जाता है कि सूरज चौधरी को दो पुत्र तथा दो पुत्रियां है जिसमें दो पुत्रों व एक बड़ी पुत्री की शादी कर चुके है। करीब सात साल पहले वह विदेश में रहकर नौकरी करते थे। विदेश से फाइनल छुट्टी पर आने के बाद आधा दर्जन गाय-भैंस के साथ खेती बारी के लिए एक ट्रैक्टर खरीदी। गाय-भैंस से दूध निकाल कर बेचने का कार्य करते थे। इसी से परिवार की जिविका चलती थी। छोटी बेटी प्रिंयका की शादी के लिए लड़का देखने में लगे थे तभी उनकी हत्या कर दी गई।