पिंपरी(व्हीएसआरएस न्यूज) पिंपरी चिंचवड शहर के कुल 18 पुलिस थानों के बीच कामकाज के मामले में बढिया प्रदर्शन करने के लिए वाकड,तलेगांव दाभाडे,एमआयडीसी पुलिस थानों को ए प्लस गे्रड मिला है। बाकी पुलिस थानों को केवल ए ग्रेड दिया गया है। ऐसी जानकारी आज आयुक्त कृष्ण प्रकाश ने दी।
पुलिस आयुक्त कृष्ण प्रकाश पिछले कई दिनों से पुलिस थानों का परीक्षण दौरा कर रहे है। जिसमें थानों के कामकाज का जायजा ले रहे है। अपराध के मामले,निवारण कितने हुए,प्रलंबित कितने है,क्या कारण रहा,अवैध धंधे,क्राइम कंट्रोल,कामकाज में पारदर्शिता,जनता के साथ व्यवहार,थाना परिसर का माहौल,सौंदर्यीकरण आदि विषयों के मापदंडों को परखा गया है। जिसमें वाकड,तलेगांव और एमआयडीसी भोसरी को ए प्लस ग्रेड मिला है।
आयुक्त कृष्ण प्रकाश ने कहा कि वैसे तो सभी थाने बेहतरीन,संतोषजनक काम कर रहे है। हर थानों की परिस्थितियां विभिन्न है। कुछ चीजें पुलिस के हाथ में नहीं होती। जैसे लावारिस मृत शरीर का विसरा की जांच की सुविधा पुलिस विभाग के पास नहीं होता। उसके लिए किसी स्थानीय सरकारी अस्पताल के उपर निर्भर रहना पडता है। फॉरेंशिक लैब रिपोर्ट आने में विलंब होता है। जिसके कारण जांच आगे नहीं बढ पाती। थानों में युनिट की कमतरता आदि समस्याएं पुलिस के सामने आती है।