Up News बांदा(व्हीएसआरएस न्यूज) यूपी के बांदा में एक बड़ा नाव हादसा हो गया है। बांदा के मरका थाना क्षेत्र में एक नाव पर सवार करीब 50 लोग यमुना में डूब गए हैं। अभी तक 4 शवों को बरामद किया गया है। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस प्रशासन राहत और बचाव कार्य में लगे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बांदा के मरका थाना क्षेत्र में एक नाव में सवार 50 लोग यमुना नदी को पार करके, कौहन और यशोथर जा रहे थे। उनकी नाव अचानक तेज बहाव क़े चलते भवर में फंस कर डूब गई।
थाने की पुलिस और स्थानीय गोताखोर प्रयास कर रहे हैं लेकिन हथनी कुंड बैराज से छोड़े गए पानी का बहाव अत्यधिक होने से शव निकालने में मुश्किल हो रही है। थाना इंचार्ज क़े मुताबिक 4 लाशें निकली गई हैं। बीच धार में बह गए लोग एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, हम अपने गांव से पत्नी को लेकर ससुराल खागा राखी बंधवाने के लिए जा रहे थे। जब हम नदी के किनारे पहुंचे तो सिर्फ एक ही नाव थी। दोपहर तीन बजे का समय था नदी पार जाने वालों की भीड़ ज्यादा थी। देखते देखते नाव में करीब 50 लोग सवार हो गए और कुछ मोटर साइकिल भी नाव पर रख दी गईं।
उन्होंने बताया, नाव जब बीच नदी में पहुंची तो हिचकोले खाने लगी। लोग डर गए और इधर उधर खिसकने लगे। इसी बीच एक तरफ लोगों की संख्या ज्यादा हो गई और नाव एक दम से पलट गई। कुछ लोग तो तैरने लगे, लेकिन महिलाएं और बच्चे डूबने लगे। देखते-देखते बीच धार में लोग बहते चले जा रहे थे। इसी बीच पास में आई एक दो नाव ने कुछ लोगों को खींचना शुरू कर दिया। इसी में मैं भी एक नाव पर चढ़ गया। लेकिन कई महिलाएं और बच्चे बह गए।