रायबरेली| व्हीएसआरएस न्यूज: संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता की मौत हो गई। ससुराल के लोग जहां महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात कह रहे हैं, वहीं मायके पक्ष ने हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने के साथ ही छानबीन शुरू कर दी है।
उन्नाव जनपद के विशाखेड़ा मजरे जमीपुर, थाना बिहार निवासी राजकुमार पुत्र स्व.श्रीराज रैदास ने बताया कि बहन नीलम का विवाह जून 2014 में हिंदू रीति रिवाज के अनुसार लालगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम आलमपुर निवासी ज्ञानेंद्र के साथ किया था। आरोप लगाया कि पति ज्ञानेंद्र समेत देवर पिंसू व आशू, हीरालाल, कुसमा उसकी बहन से आए दिन विवाद किया करते थे। बुधवार की रात पता चला कि बहन की मौत हो गई है। राजकुमार का आरोप है कि उसकी बहन की हत्या की गई है। इसे छिपाने के लिए आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।
वहीं ससुराल वालों का कहना है कि विवाहिता ने रात लगभग 11 बजे फांसी लगाकर आत्महत्या की है। इसकी सूचना मायके वालों के साथ ही पुलिस को भी दी गई। निरीक्षक कमलेश कुमार,उपनिरीक्षक श्याम चंद्र यादव, कस्बा इंचार्ज महेश यादव,महिला दरोगा पुष्पा वर्मा पुलिस बल के साथ मौक पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
इस बारे मे महेश यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। साथ ही पीड़ित भाई द्वारा लगाए गए आरोपों की छानबीन की जा रही है। बताया गया कि नीलम के दो बच्चे पुत्र अंत व पुत्री महक है। इनके सिर से मां की ममता का आंचल सदा के लिए छिन गया।