लखनऊ| व्हीएसआरएस न्यूज: कल बुधवार को यूपी विधानमंडल के मानसून सत्र में प्रदेश सरकार के अनुपूरक बजट पेश करने के बाद आज गुरुवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा में सत्र को संबोधित किया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सदन में लोक कल्याण संकल्प पत्र को ध्यान में रखकर विगत फरवरी माह में वर्ष 2021-22 का बजट प्रस्तुत किया गया। इस कोरोना काल में जीवन व जीविका को बचाने के लिए प्रारंभ हुए प्रयासों को देखते मानसून सत्र में पुन: हमें अनुपूरक बजट के साथ आना पड़ा।
उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास हमारा भाव व दर्शन है। यह हमारे जीवन का एक हिस्सा है, जो हमारी कार्य पद्धति में पग-पग पर झलकेगा। आदरणीय प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में हम सभी नए विचारों, नए संकल्पों व सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
आगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि व्यवसाय की सुगमता क्या होनी चाहिए इसपर हमने व्यापक संशोधन किए, नीतियां बनाई जिसके परिणाम सामने हैं। अगर दुनिया में भारत निवेश का सबसे अच्छा देश है, तो देश में उत्तर प्रदेश सबसे अच्छा गंतव्य है। इज ऑफ डूइंग बिजनेस में उत्तर प्रदेश 16वें स्थान से दूसरे स्थान पर आया है। पांच वर्ष पहले प्रदेश की ग्रास स्टेट डोमेस्टिक प्रोडेक्ट (जीएसडीपी) 10-11 लाख करोड़ के आसपास थी आज हम इसे 20-21 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने में सफल हुए हैं। 2015-16 में उत्तर प्रदेश देश अर्थव्यवस्था में छह नंबर पर था। उत्तर प्रदेश आज तो नंबर 2 की अर्थव्यवस्था बन गया है।
उन्होंने बताया कि पिछले 5 वर्ष के दौरान प्रदेश में बजट का दायरा लगभग दोगुना हुआ। आज हम लगभग 6 लाख करोड़ रुपये तक बजट के दायरे को पहुंचाने में सफल रहे हैं। बड़ी सोच, बड़े कार्य तो बजट का दायरा भी बड़ा होगा।कुछ लोग महिला कल्याण की बात करते हैं पर एक अपराधी माफिया को अपने राज्य में शरण दे रहे थे, प्रोटेक्ट कर रहे थे।
वही इससे पहले मुख्यमंत्री ने सदन में उपस्थित समस्त सदस्यगणों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार के कल सदन में प्रस्तुत अनुपूरक बजट पर नेता प्रतिपक्ष व अन्य दलों के सुझाव व आत्मविचार का स्वागत करता हूं।