बागपत। व्हीएसआरएस संवाददाता: नगर पंचायत चेयरमैन विनोद कुमार के नेतृत्व एवं आर्य समाज के सहयोग से सोमवार को कोरोना महामारी से निपटने के लिए चार छोटी गाड़ियों पर यज्ञ का आयोजन किया। कस्बे के विभिन्न मार्गों से मंत्रोचारण करते हुए यज्ञ में नगरवासियों ने आहुतियां दी।
इसको लेकर नपं चेयरमैन विनोद कुमार ने कहा कि हवन यज्ञ हमारी प्राचीन सभ्यता है और हवन यज्ञ में डाली गई आहुति से वातावरण शुद्ध होता है और शुद्ध वातावरण से कोरोना जैसे घातक वायरसों का खात्मा होता है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वो ज्यादा से ज्यादा संख्या में अपने-अपने घरों में हवन यज्ञ करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस कोरोना से लड़ने के लिए हमें अपने प्राचीन तौर-तरीके अपनाने की जरूरत है। मनोज आर्य एडवोकेट ने कहा कि यह हमारी वैदिक परंपराएं हैं।
घर-घर में यज्ञ प्रतिदिन होना चाहिए। इससे अनेकों बीमारियां दूर करने में सहायता मिलेगी। हिंदू जागरण मंच वीरांगना वाहिनी की प्रांतीय मंत्री प्रियंका आर्य ने कहा कि हम अपनी सनातन सभ्यता को बरकरार रखेंगे। जिससे रोगों से मुक्ति मिलेगी। हम सभी को मिलकर इस महामारी से मजबूती के साथ लड़ना है और जरूरतमंदों की सहायता करनी है।
वही आर्य समाज अनिल कुमार गांधी ने मंत्रोचार के साथ यज्ञ का प्रारंभ किया। यज्ञ में कस्बावासियों ने मास्क लगाकर व शारीरिक दूरी का पालन करते हुए मंत्रों के साथ आहुति दी। इस मौके पर विनीत कुमार, श्रीपाल, अंशु, अनिल कुमार आदि मौजूद रहे।