बलिया| व्हीएसआरएस न्यूज: शहर के चौक में गुरुवार को टेंपो का हवा निकालने पर किन्नरों ने पुलिस के साथ जमकर हंगामा किया। इससे काफी संख्या में भीड़ जुट गई। करीब आधा घंटे तक किन्नरों ने हाई वोल्टेज ड्रामा किया। नगर के बेदुआ में रहने वाली किन्नर अनुष्का एलआईसी तिराहे से अपने दो अन्य सहयोगियों के साथ टेंपो से चित्तू पांडेय चौराहे की तरफ जा रहे थे।
मिली जानकारी अनुसार लाकडाउन का पालन कराते हुए पुलिस ने टेंपों के टायर में कील घोंप दिया। इस पर किन्नरों का पारा चढ़ गया। चौकी इंचार्ज सुनील लांबा के खिलाफ हंगामा खड़ा कर दिए। बहुत देर तक ड्रामा किया। चौकी इंचार्ज किन्नरों का यह रूप देख वहां से निकल गए। इस दौरान अनुष्का ने कहा कि लाकडाउन में हमलोगों की हालत खराब हो गई है।
हम सभी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में विजेताओं के यहां जाकर बधाई देने हम सभी जा रहे थे। पुलिस ने हम लोगों की टेंपो का टायर खराब कर दिया है। इसे बनवाने में दो हजार रुपये का खर्च लगेगा। सड़कों पर लग्जरी वाहनों को पुलिस नहीं टोक रही, सिर्फ कमजोर लोगों का उत्पीड़न कर रही हैं। इस दौरान काफी देर तक मौके पर अफरातफरी मची रही। किन्नरों ने पुलिस पर उनके उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पुलिस की हरकत पर कर्रवाई की मांग की है।