पुणे(व्हीएसआरएस न्यूज) भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने एक बार फिर सपना देखा है कि महाराष्ट्र की उद्धव सरकार अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाएगी और बीच में ही धडाम से गिर जाएगी। पिछले एक साल से चंद्रकांत पाटिल और पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सरकार गिरने का सपना देख रहे है। पाटिल यह भी कह रहे कि हमको विपक्ष में बैठने के लिए कोई दिक्कत नहीं है।
लेकिन उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली राज्य सरकार अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाएगी। शिवसेना-राकांपा-कांग्रेस सरकार को इस महीने एक साल पूरा हो जाएगा। पाटिल ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में दावा किया कि यदि अभी चुनाव हो जाए तो 1,000 में से 900 लोग कहेंगे कि वे भाजपा को वोट देंगे। यह पूछे जाने पर कि बिहार विधानसभा चुनाव और अन्य जगह उपचुनावों में जीत के बाद क्या भाजपा महाराष्ट्र में सरकार बनाने के प्रयास शुरू करेगी,पाटिल ने कहा कि पार्टी सरकार को अपदस्थ करने वाला कोई काम नहीं करेगी। उन्होंने कहा,हम विपक्ष में बैठने और अगले चार साल मुख्य विपक्षी दल के रूप में काम करने को तैयार हैं, लेकिन यह सरकार चार साल तक नहीं चल पाएगी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने दावा किया कि महाराष्ट्र में महिलाओं पर अत्याचार के चलते लोग राज्य सरकार की विदाई चाहते हैं।
उन्होंने कहा,जलगांव जिले के परोला तहसील क्षेत्र में एक लड़की से बलात्कार किया गया और उसकी हत्या कर दी गई। हाथरस (उत्तर प्रदेश) में हुई घटना दुर्भाग्यपूर्ण थी,लेकिन जिस तरह राहुल गांधी और प्रियंका गांधी हाथरस गए,उस तरह क्या वे यहां पीड़ित परिवार से मिलने आए? भाजपा नेता ने कहा, हम ऐसा कुछ नहीं करेंगे जो संविधान के विपरीत हो। इस सरकार को अपदस्थ करना हमारी संस्कृति नहीं है।