जालना(व्हीएसआरएस न्यूज) महाराष्ट्र के जालना जिले के पालसाखेड़ पिंपल में खेत में बने कुएं में डूबने से 3 सगे भाइयों की मौत हो गई। इनमें से दो भाई जुड़वां थे। वहीं, एक की शादी 3 महीने पहले ही हुई थी। तीनों भाई गेंहूं की फसल की सिंचाई करने खेत में गए थे
मरने वाले तीनों भाइयों के नाम ज्ञानेश्वर, रामेश्वर और सुनील हैं। ज्ञानेश्वर और रामेश्वर जुड़वां थे। तीन महीने पहले ही ज्ञानेश्वर की शादी हुई थी। तीनों भाई बुधवार रात 8 बजे के बीच गेहूं की फसल को पानी देने पहुंचे थे। खेत में बने कुंए पर इलेक्ट्रिक पम्प स्टार्ट करते समय ज्ञानेश्वर को करंट लग गया। इससे वह कुएं में गिर गया। उसे बचाने के लिए रामेश्वर और सुनील भी कुएं में कूद गए। डूबने से तीनों की मौत हो गई।
देर रात तक तीनों भाइयों के घर नहीं लौटने पर परिवार के साथ गांव के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद घटना का खुलासा हुआ। गांव वालों ने बिजली का कनेक्शन काटा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गांव वालों की मदद से तीनों के शव निकाले। ज्ञानेश्वर गांव में रहकर खेतीबाड़ी करता था। दो बेटे रामेश्वर और सुनील लॉकडाउन के चलते औरंगाबाद से घर वापस आए थे।