चतरा| व्हीएसआरएस न्यूज : आज शुक्रवार की सुबह करीब नौ बजे सदर अस्पताल के प्रसूति गृह में आग लग गई। इसकी जानकारी मिलने पर अफरातफरी मच गई। लोग इधर – उधर भागने लगे। मरीजों के स्वजनों को समझ में नहीं आ रहा था कि जल्दबाजी में क्या किया जाए।
हालांकि समय रहते अस्पताल प्रबंधन, पुलिस एवं अग्निशमन विभाग की टीम ने आग पर काबू पा लिया। इससे बड़ी घटना टल गई। आग की लपट बढ़ने पर काफी नुकसान हो सकता था।
मिली जानकारी अनुसार एकाएक प्रसव गृह से धूंआ निकलता देख आसपास के लोग चकित हो गए। कुछ ने अनुमान लगाया कि किसी मरीज के स्वजन नास्ता बनाने के लिए आग जलाई होगी। लेकिन आग की लपटें जैसे-जैसे तेज होने लगी, धूआं भी बढ़ने लगा। एक स्वास्थ्यकर्मी ने इसकी जानकारी सिविल सर्जन डा. श्याम नंदन सिंह को दी।
सिविल सर्जन ने तुरंत सदर थाना प्रभारी को इसकी सूचना दी। इधर अस्पताल प्रबंधक मुर्शीद आलम, डा. मनीष लाल समेत अन्य अधिकारी व कर्मी मौके पर पहुंच कर आग बुझाने में जुट गए। इसी बीच सदर थाना प्रभारी लव कुमार अग्निशमन वाहन और कर्मियों के साथ अस्पताल परिसर पहुंचे और आग पर काबू पाने में जुट गए।
वही अस्पताल प्रबंधन के अनुसार आग शार्ट सर्किट से लगी। हालांकि स्वास्थ्य कर्मियों की तत्परता के कारण बहुत अधिक नुकसान नहीं हुआ। हालांकि उसके बाद भी कई उपकरण व दस्तावेज जलकर राख हो गए। वैसे यदि समय पर पुलिसकर्मियों और अग्निशमन के कर्मी नहीं पहुंचते, तो बड़ी घटना घट सकती थी। करीब आधा घंटा के जद्दोजहद के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया।
इस बारे मे सिविल सर्जन ने बताया कि अगलगी के कारणों का स्पष्ट रूप से पता नहीं चल सका है। वैसे शार्टसर्किट की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। अगलगी में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है