दिल्ली| व्हीएसआरएस न्यूज: असम और मिजोरम के बीच सीमा विवाद के अचानक खूनी संघर्ष में तब्दील हो जाने के बाद दोनों पूर्वोत्तर राज्यों की अंतर-राज्यीय सीमाएं शांत हैं, लेकिन किसी भी ताजा घटना को रोकने के लिए सुरक्षा कर्मियों को अतिरिक्त अलर्ट पर रखा गया है। इस बीच सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असम के सांसदों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान वह असम और मिजोरम सीमा मुद्दे पर चर्चा करेंगे।
इससे पहले रविवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा और मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरामथंगा से पूर्वोत्तर के दोनों राज्यों के बीच सीमा विवाद को शांत करने लिए फोन पर बात की। जोरामथंगा ने कहा कि फोन कॉल के दौरान फैसला किया गया कि सीमा विवाद का सौहार्दपूर्ण तरीके से सार्थक संवाद के जरिये समाधान किया जाए।
आपको बताते चले कि 26 जुलाई को हुई हिंसक झड़प के बाद से ही असम-मिजोरम के बीच सीमा विवाद जारी है। असम सरकार का दावा है कि उनके नागरिकों को मिजोरम के लोग धमका रहे हैं। इस स्थिति को देखते हुए नागरिकों को पड़ोसी राज्य में न जाने की सलाह दी गई है।
वहीं असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा का कहना है कि उन्होंने लोगों से हालात स्थिर होने तक मिजोरम न जाने को कहा है। दूसरी तरफ सीमा विवाद के चलते मिजोरम पुलिस ने असम के चार वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और दो प्रशासनिक अधिकारियों समेत करीब 200 अज्ञात पुलिसकर्मियों के खिलाफ कोलासिब जिले के वैरेंगटे पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया है।