दिल्ली| व्हीएसआरएस न्यूज : टोक्यो में जारी पैरालिंपिक खेल अपने आखिरी चरण में है और भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन अब तक दमदार रहा है। आज रविवार 5 सितंबर की सुबह 10 बजे तक भारत ने 19 पदक अपने नाम कर लिए हैं। टोक्यो पैरालिंपिक खेलों में 19वां पदक बैडमिंटन खिलाड़ी कृष्णा नागर ने दिलाया है। कृष्णा ने पैरालिंपिक खेलों में स्वर्ण पदक जीता है, जो कि भारत का इन खेलों में पांचवां व्यक्तिगत गोल्ड मेडल है। इसी के साथ उन्होंने इतिहास रच दिया है।
मिली जानकारी अनुसार टोक्यो पैरालंपिक बैडमिंटन पुरुष एकल SH6 मुकाबले में कृष्णा नागर ने हांगकांग काई मान चू को हराकर स्वर्ण पदक जीता। फाइनल मुकाबले में के पहले दौर के खेल में कृष्णा ने काई मान चू को 21-17 से हराया। हालांकि, दूसरे गेम में हांगकांग के खिलाड़ी ने वापसी की और मुकाबला 21-16 से अपने नाम किया, लेकिन तीसरे राउंड में भारतीय पैरा शटलर कृष्णा नागर ने जबरदस्त वापसी करते हुए 21-17 से जीत हासिल की और मुकाबला 2-1 से जीतकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
आपको बताते चले की भारत ने पांच गोल्ड मेडल, 8 सिल्वर मेडल और 6 कांस्य पदक जीते हैं। पैरालिंपिक खेलों के इतिहास में भारत के लिए ये टूर्नामेंट एतिहासिक रहा है, क्योंकि भारत ने अब तक सिर्फ 12 पदक ही इन खेलों में जीते थे, लेकिन अब एक ही पैरालिंपिक में भारत ने डेढ़ दर्जन से भी ज्यादा पदकों पर कब्जा जमाया है।