बेगूसराय| व्हीएसआरएस न्यूज: डिब्रूगढ़ से नई दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से सोमवार की देर शाम दो महिलाओं की मौत हो गई। घटना समस्तीपुर-खगड़िया रेलखंड पर सलौना स्टेशन से पूरब सात नंबर पुल के समीप की है। घटना की शिकार महिलाओं की पहचान बखरी थाना क्षेत्र के चकचनरपत पंचायत के चकवनवार गांव निवासी गणेश यादव की 32 वर्षीया पत्नी अनिता देवी और वरूण यादव की 40 वर्षीया विधवा ललिता देवी के रूप में हुई है। तेज रफ्तार ट्रेन को देखकर कई महिलाओं ने ब’चों संग नदी में छलांग लगा दी, नहीं तो कई और लोग चपेट में आ जाते।
घास काटकर बच्चों के साथ लौट रही थीं महिलाएं
मिली जानकारी के मुताबिक दोनों महिलाएं गांव की दस-बारह महिलाओं व बच्चों के साथ राटन पंचायत से घास काटकर चंद्रभागा नदी के ऊपर बने रेल पुल को पार कर घर लौट रही थीं। इसी समय तेज रफ्तार डिब्रूगढ़-नई दिल्ली साप्ताहिक राजधानी एक्सप्रेस को आता देख अफरातफरी मच गई। अधिसंख्य महिलाएं जान बचाने के लिए बच्चों के साथ नदी में कूद गईं। जबकि दो महिलाएं जान बचाने के लिए ट्रैक पर ही भागने लगीं। जबतक वह पुल के अंतिम छोर तक पहुंच पातीं ट्रेन ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया।
नदी में पानी कम होने के कारण सभी रहे सुरक्षित
आपको बताते चले की नदी में पानी कम रहने के कारण सभी महिलाएं और बच्चे सुरक्षित बाहर गए। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। दोनों महिलाओं के स्वजन शव उठाकर ले गए। घटना से गांव में कोहराम मच गया है। मालूम हो उक्त पुल पर बराबर इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं। एक दशक पूर्व उक्त पुल पर ट्रेन की चपेट में आने से आधा दर्जन लोग काल के गाल में समा गए थे। हादसे के बाद मृतक के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।