नालंदा| व्हीएसआरएस न्यूज: शादी के बाद ससुराल में कदम रखते ही विवाहिता ने घर की चौखट पर ही दम तोड़ दिया। सोमवार की सुबह हुई इस घटना से हर कोई हैरान है। वर और वधू पक्ष के साथ स्थानीय लोगों को समझ में नहीं आ रहा कि आखिर यह हुआ कैसे? लड़के के स्वजन इस बात को लेकर चिंतित हैं कि अभी लड़की ने घर में कदम भी नहीं रखा था कि यह घटना हो गई। मृतका की पहचान नवादा के गोला रोड निवासी गोपाल पंडित की बेटी आरती कुमारी के रूप में हुई है।
मिली जानकारी अनुसार सोमवार को 24 मई को बिहारशरीफ (नालंदा) के सोहसराय के कटहल टोला निवासी विकास कुमार की शादी नवादा के गोला रोड निवासी गोपाल पंडित की बेटी आरती कुमारी से हुई थी। शादी के बाद जब विवाहिता 25 मई को मायके से कटहल टोला के निकट बंधु बाजार स्थित ससुराल पहुंची थी। इस दौरान उसका भाई भी कार में साथ था। गाड़ी जैसे ही लड़के के घर पर पहुंची कि महिलाएं गाल सेकाई की रस्म करने आ गईं। जैसे ही गाल सेकाई की रस्म की गई उसी वक्त लड़की कांपने लगी। जिसके बाद उसे पानी पिलाया गया। बाद में ग्लूकोज और नीबू का शर्बत भी दिया गया। थोड़ा स्थिर होने के बाद लड़की जैसे ही गाड़ी से उतरी घर के दरवाजे के पास ही लड़खड़ा कर गिर गई। इस दौरान अफरातफरी मच गई। आननफानन में लड़की को बिहार शरीफ सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वही घटना की जानकारी मृतका के परिजनों को दी गई। घटना के बाद परिवार को लोगों के बीच कोहराम मचा है। वहीं साथ आए भाई का भी रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका के शव को उसके मायके नवादा भेज दिया गया है। घटना से लड़के के परिजन भी काफी सदमे में हैं।