टनकुप्पा| व्हीएसआरएस न्यूज: बाइक की टक्कर से घायल तेलबीघा निवासी विनय कुमार की मौत इलाज के लिए रांची ले जाते वक्त बुधवार को हो गई। इससे आक्रोशित स्वजन एवं ग्रामीणों ने गुरुवार की सुबह गया-रजौली स्टेट हाइवे 70 को टनकुप्पा थाना क्षेत्र के बंशी के पास सुबह में जाम कर दिया। करीब एक घंटा तक शव के साथ सड़क जाम रखा। जाम की सूचना पाकर तत्काल थानाध्यक्ष अजय कुमार पहुंचे। स्थिति उग्र होने की संभावना देख मुफस्सिल थाने की पुलिस एवं वज्रवाहन को भेजा गया। जनप्रतिनिधियों की सहायता से लोगों को समझा कर जाम हटवाया गया। इसके बाद शव को मेडिकल जांच के लिए मगध मेडिकल कालेज सह अस्पताल भेजा गया।
सैलून से लौटते समय फौजी की बाइक से लगी थी टक्कर
मिली जानकारी अनुसार उतलीबारा पंचायत के तेलबीघा निवासी विनय कुमार (30) बरतारा बाजार में सैलून चलाता था। मंगलवार को शाम सात बजे सैलून बंद कर साइकिल से घर जा रहा था। बरतारा से आगे मोड़ समीप गया से फतेहपुर की ओर जा रही बाइक ने विनय को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से विनय बुरी तरह घायल हो गया। बाइक चालक भी गिर गया। लोगों ने उसे पकड़ लिया। विनय को तत्काल स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार कर गया मगध मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। स्थिति गंभीर देख वहां से रांची ले जाने की सलाह दी गई। इलाज के लिए रांची ले जाते वक्त बुधवार को रास्ते में विनय की सांसें थम गईं। स्वजन बुधवार की शाम शव लेकर घर आ गए। गुरुवार की सुबह सात बजे सड़क जाम कर दिया। टक्कर मारने वाला बाइक चालक फतेहपुर थाना क्षेत्र के ढुब्बा गांव का रहने वाला है। वह सैनिक बताया जा रहा है।
मौत की खबर से घर मे मचा कोहराम
आपको बताते चले की विनय की मौत की खबर आते ही घर मे कोहराम मच गया। गांव में मातम छा गया। विनय की पत्नी का रो रो कर बुरा हाल हो रहा है। मां, पिता एवं दो बच्चे का विलाप माहौल को गमगीन कर गया। विनय के सहारे घर का खर्च वहन किया जाता जाता था। गांव घर मे नेक एवं शुशील विचार का होने के कारण विनय से लोगो का काफी लगाव था।थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के स्वजन के फर्द बयान पर थाना में केस दर्ज किया जाएगा।