मीरगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: मीरगंज थाना क्षेत्र के गौरूप समईल गांव में एक 25 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक का नाम वरुण तिवारी बताया जाता है जो कांधगोपी गांव के बादशाह तिवारी का पुत्र था।
मृतक अपने ननिहाल में अपने मामा सुरेंद्र दुबे के यहां रहता था। घटना गुरुवार की आधी रात्रि को बताई जाती है जब वरुण अपने मामा के घर के बरामदे में सोया हुआ था,तभी अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर जब परिजन मौके पर पहुंचे तब तक वरुण अंतिम सांसे गिन रहा था और देखते ही देखते उसने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मीरगंज पुलिस को दी गई जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल भेज दिया गया। समाचार प्रेषण तक मामले में अब तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं होने की सूचना है।
—————-
मामा के घर बचपन से रहता था वरुण :
मृतक वरुण तिवारी बचपन से ही अपने मामा सुरेंद्र दुबे के घर पर ही रहता था। सुरेंद्र दुबे सेवानिवृत्त होने के बाद अपने देखभाल के लिए वरुण पर ही आश्रित थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि वरुण तिवारी अपने तीन बहनों के बीच इकलौता भाई था और शुरू से ही लाड़ प्यार में पला बढ़ा था। उसकी पढ़ाई लिखाई भी मामा के यहां से ही संपन्न हुई थी। घटना के समय उसके माता-पिता भी यहीं पर आए हुए थे तभी अचानक हुई इस घटना ने दोनों परिवारों को स्तब्ध कर दिया है। घटना का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका और ना ही समाचार प्रेषण तक पीड़ित परिवार ने थाने में कोई आवेदन दिया है।
——————-
पहले भी हो चुका था वरुण पर जानलेवा हमला:
बताया जाता है कि वरुण तिवारी पर पहले भी करीब 2 साल पहले जानलेवा हमला हो चुका था। वरुण जब अपने घर से अपने मामा के यहां आ रहा था तभी रास्ते में सबेया हवाई फील्ड के पास कुछ लोगों ने उसे रोककर चाकू मारकर बुरी तरह घायल कर दिया था। हमले में वह किसी तरह बच निकला था और उसका महीनों इलाज चला था। अभी करीब 5 माह पहले एक बार फिर उसके मोटरसाइकिल को अपराधियों में फतेहपुर बरईठा गांव के पास नहर पर मारपीट कर लूट लिया गया था।