कटेया| व्हीएसआरएस संवाददाता: स्थानीय थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव के समीप सोना नदी में नहाने के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गयी। उक्त युवक थाना क्षेत्र के सिधवनिया गांव के इम्त्याज अहमद का पुत्र बताया जाता है। मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के सिधवनिया निवासी इम्तियाज अहमद के पुत्र शहरयार आलम (18 वर्ष) रविवार को डुमरिया गांव के पश्चिम सोना नदी के पुल के पास स्नान कर रहा था। उसी दौरान वह पानी में डूब गया।
वहां मौजूद अन्य लड़कों द्वारा हो हल्ला करने पर आसपास के लोगों को जानकारी हुई। वे लोग वहां पहुंच कर युवक की तलाश करने लगे। स्थानीय लोगों द्वारा इसकी सूचना परिजनों एवं थाने को दी गयी। सूचना मिलते ही परिजन रोते बिलखते वहां पहुंचे। स्थानीय लोगों द्वारा उक्त युवक की खोजबीन जारी रहा। घटना की सूचना मिलते ही कटेया थानाध्यक्ष सुमन कुमार मिश्र दल बल के साथ मौके पर पहुंचे गए। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने उक्त युवक को पानी से बाहर निकाला।
आनन फानन में उसे इलाज के लिए कटेया रेफरल अस्पताल ले जाया गया। रेफरल अस्पताल के चिकित्सकों ने जांच के बाद उक्त युवक को मृत घोषित कर दिया। इस घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृत युवक अपने चार भाइयों में सबसे छोटा था। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज भेज दिया।