गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के बरौली थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव में गुरुवार को ताड़ के पेड़ से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। मृतक उसी गांव का बुलेट राम बताया जा रहा है।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि बुलेट राम गुरुवार की दोपहर ताड़ी उतारने के लिए ताड़ के पेड़ पर चढ़ा हुआ था। बारिश होने के कारण उसका पैर फिसल गया और वह ताड़ के पेड़ से नीचे गिर गया। जिससे वह गंभीर रुप से जख्मी हो गया। जख्मी अवस्था में इलाज के लिए उसे परिवार के सदस्य लेकर बरौली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचे। जहां प्राथमिक उपचार करने के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में रेफर कर दिया। जहां इमरजेंसी वार्ड में उसका इलाज चल रहा था।
इलाज के क्रम में बुलेट राम की मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिवार के सदस्यों का रो रो कर बुरा हाल हो गया। परिवार के सदस्य शव बिना पोस्टमार्टम कराए ही घर लेकर चले गए। बताया जा रहा है कि करीब 6 माह पहले भी उसके भाई किशोर राम की मौत ताड़ी उतारने के दौरान ताड़ के पेड़ से नीचे गिर जाने से हो गई थी।
छह महीने के भीतर दोनों भाइयों की मौत के बाद परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। शव को देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ उसके दरवाजे पर जुटी हुई थी।
वहीं रो-बिलख रहे परिजनों को समझाने की कोशिश भी आसपास के लोग कर रहे थे। लेकिन परिवार के सदस्यों के आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहा था। उधर सदर अस्पताल में भी हादसे की सूचना मिलने के बाद बुलेट राम के परिजन रिश्तेदार समेत अन्य लोग भी पहुंच गए थे।