उचकागांव| व्हीएसआरएस संवाददाता: एक पखवारा पूर्व सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से जख्मी महिला की मौत इलाज के दौरान लखनऊ में हो गई| मृत महिला सुगान्ती देवी उचकागांव थाना क्षेत्र के बंकीखाल गांव के दीनानाथ राम की पत्नी थी| मौत की सूचना के बाद उसके घर कोहराम मच गया|
आज शनिवार को उसका डेड बॉडी उसके गांव बंकीखाल लाया गया| जहां लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी| परिवार के सदस्यों को रो-रोकर बुरा हाल हो गया| मालूम हो कि एक पखवारा पूर्व दीनानाथ राम का लड़का सुमन राम अपनी मां को बाइक पर बिठा कर सिवान के तरवारा गया हुआ था| वहां पर लड़का देखने का कार्यक्रम था|
लड़का देखने के बाद परिवार के और लोग दूसरे वाहन से लौट रहे थे जबकि लड़की की माँ सुगान्ती देवी अपने बेटे सुमन के साथ बाइक पर सवार होकर लौटने लगी| इस बीच सिवान के चाप रेलवे ढाला के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी| जिससे सुगान्ती गंभीर रूप से जख्मी हो गई| बाद में इलाज के लिए सिवान सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया| जहां से गंभीर हालत में उसे गोरखपुर रेफर कर दिया गया|
स्थिति चिंताजनक होने पर वहां से लखनऊ पीजीआई में रेफर कर दिया गया| जहां इलाज चल रहा था| पंद्रह दिनों के बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई|इधर, मुखिया प्रतिनिधि अशोक साह ने पीड़ित परिवार को दाह संस्कार के लिए अपने व्यक्तिगत मद से तीन हजार रुपए नकद प्रदान किया