गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र के बंजरिया गांव में एक महिला को उसके पति ने मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल महिला को इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज इमरजेंसी वार्ड में किया गया।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि बंजरिया गांव के बिट्टू बैठा अपनी पत्नी सीमा देवी को आपसी विवाद को लेकर मारपीट कर रहा था। मारपीट के क्रम में उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। इसके बाद वह अपने मायके कटेया थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव में पहुंची और अपने मायके वालों को घटना के बारे में पूरी जानकारी दी। जानकारी मिलने के बाद घायल अवस्था में सीमा देवी को उसके मायके वाले इलाज के लिए लेकर सदर अस्पताल में पहुंचे।
जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। सीमा देवी ने बताया कि उसकी शादी करीब साढ़े 5 वर्ष पूर्व हुई थी। शादी के बाद से ही उसका पति उसके साथ मारपीट करते रहता है। उसकी एक छोटी बच्ची भी है। जिसे लेकर वह अपने मायके पहुंची हुई थी। इस घटना की जानकारी स्थानीय थाना की पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन करने में जुट गई है।
महिला ने बताया कि उसका पति बिट्टू बैठा दूसरी शादी रचाने के लिए उसके साथ अक्सर मारपीट करते रहता है। बुधवार की शाम भी उसके साथ मारपीट की गई थी। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी।
इसके बाद वह अपने मायके पहुंची तो गुरुवार को उसके मायके वाले इलाज के लिए लेकर उसे सदर अस्पताल में पहुंचे। जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज किया जा रहा है। उधर पुलिस का कहना है कि इस मामले में पीड़ित महिला के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर दोषी पति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।