गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: जिला प्रमुख संघ का गठन शहर के बंजारी रोड में स्थित एक होटल के सभागार में सोमवार को किया गया। इस दौरान उचकागांव प्रखंड के प्रमुख विश्वजीत कुमार को जिला प्रमुख संघ का जिला अध्यक्ष सर्वसम्मति से चुना गया। साथ ही बैकुंठपुर के प्रखंड प्रमुख आदिति देवी को जिला उपाध्यक्ष बनाया गया। मांझागढ़ प्रखंड के प्रमुख वाजिद अली को कोषाध्यक्ष, गोपालगंज प्रखंड प्रमुख सुशीला देवी को जिला महासचिव चुना गया।
जिला प्रमुख संघ की अगली बैठक में जिला कार्यकारिणी का विस्तार सर्वसम्मति से करने का निर्णय लिया गया। प्रखंड संघ के जिलाध्यक्ष ने कहा कि संगठन को धारदार बनाया जाएगा। सभी प्रमुख के मान सम्मान व जनहित के मुद्दों पर संगठन एकजुट होकर संघर्ष करेगा।
मौके पर गोपालगंज सदर प्रखंड प्रमुख सुशीला देवी, हथुआ प्रखंड प्रमुख अंजू देवी, सिधवलिया प्रमुख माला देवी, भोरे प्रखंड प्रमुख रंजू देवी, कटेया प्रमुख माधुरी मिश्रा, बरौली प्रखंड प्रमुख कुमारी पुष्पा किरण, डॉ. अरविंद यादव, राजीव कुमार, जीवधन मांझी, अशोक साह व थावे प्रखंड प्रमुख रामावती देवी समेत अन्य लोग मौजूद थे।