गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: नगर थाना क्षेत्र के थावे रोड में तुरकहां के पास बोलेरो के धक्के से एक बाइक पर सवार दो युवक घायल हो गए। घायल युवकों को इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि मांझागढ़ थाना क्षेत्र के देवापुर मोहर सिंह के टोला गांव के रहने वाले लक्ष्मण कुमार व रवि रंजन कुमार एक बाइक पर सवार होकर मीरगंज थाना क्षेत्र के कपरपूरा गांव में अपनी बहन के घर मकर सक्रांति के अवसर पर लाई पहुंचाने के लिए गए हुए थे। वापस दोनों अपने घर लौट रहे थे।
इस बीच वे जैसे ही नगर थाना क्षेत्र के थावे रोड में तुरकहां के पास पहुंचे की तेज रफ्तार से आ रही बोलेरो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार दोनों युवक घायल हो गए। घटना के बाद बोलेरो सवार चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। आसपास के लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज इमरजेंसी वार्ड में चल रहा है। हादसे की सूचना मिलने के बाद सड़क दुर्घटना में घायल दोनों युवकों के परिजन भी सदर अस्पताल में पहुंच गए।
जहां उनकी मौजूदगी में इमरजेंसी वार्ड में अस्पताल के कर्मी दोनों का इलाज कर रहे हैं। इस घटना में लक्ष्मण कुमार को गंभीर चोट लगी है। जिसका इलाज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों की देखरेख में चल रहा है।