उचकागांव | व्हीएसआरएस संवाददाता: स्थानीय थाना क्षेत्र के दहीभाता स्टेट बैंक से बाइक की चोरी कर भाग रहे दो चोरों को पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से पीछा कर पिपराही पुल के पास गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि थाना क्षेत्र के झीरवां गांव निवासी वीरेश यादव भारतीय स्टेट बैंक के दहीभाता शाखा में रुपए की निकासी करने के लिए गए हुए थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए दो चोर वीरेश यादव की बाइक का लॉक तोड़कर बाइक को स्टार्ट करके ले कर भागने लगे। तभी वीरेश यादव की नजर बाइक लेकर भाग रहे चोरों पर पड़ी। जिसके बाद वीरेश यादव ने बैंक परिसर के बाहर शोर मचाना शुरू कर दिया।
जिसके बाद मौके पर उपस्थित लोगों ने बाइक लेकर भाग रहे चोरों की बाइक से पीछा करना शुरू कर दिया। मामले की सूचना स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को भी दी गई। जिसके बाद उचकागांव पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से बाइक लेकर भाग रहे दोनों चोरों को बाइक के साथ रंगेहाथ पिपराही पुल के पास गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए चोरों की पहचान थाना क्षेत्र के बरारी जगदीश गांव के मुकेश कुमार और लुहसी गांव के पवन कुमार के रूप में किया गया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष अब्दुल मजीद ने बताया कि दोनों गिरफ्तार चोरों के विरुद्ध चोरी की प्राथमिकी दर्ज करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।