उचकागांव| व्हीएसआरएस संवाददाता: स्थानीय थाना क्षेत्र के परसौनी खास गांव में शौचालय की टंकी निर्माण के दौरान दिवार गिरने से दो मजदूरों की जान चली गई। जिसके बाद मृतक के परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर परसौनी खास गांव में जमकर प्रदर्शन किया।
मामले में परसौनी खास गांव के स्वर्गीय लाल जी साह के 30 वर्षीय बेटे शंभू साह की एक गृह निर्माण के दौरान पुरानी दीवाल गिरने से उनके नीचे नीचे दबकर मौत हो गई। घटना के दौरान साथ में काम कर रहे कुचायकोट थाना क्षेत्र के आसंदी महुअवां गांव निवासी मजदूर नेसार अली भी दिवाल के नीचे दबने से बुरी तरह से जख्मी हो गए थे। जिनकी इलाज के लिए गोरखपुर ले जाने के क्रम में मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक शंभू साह के परसौनी खास स्थित घर पर चीख-पुकार मच गई। इस दौरान मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। इस दौरान मृतक के बड़े भाई हरेंद्र साह का आरोप था कि यदि गृह निर्माण में लगे ठेकेदार द्वारा जबरन दोनों मजदूरों से लापरवाही के साथ काम नहीं कराया गया रहता तो दोनों मजदूरों की जान नहीं गई रहती। ठेकेदार द्वारा निर्माणाधीन मकान में पूर्व में नींव में खड़े 8 फीट के दीवाल के बगल में शौचालय के लिए 10 फीट गहरा टैंक खुदवाया जा रहा था।
इसी दौरान पुराने दीवाल को गिरने से रोकने के लिए भी ठेकेदार द्वारा कोई व्यवस्था नहीं की गई थी और ना ही मजदूरो को सुरक्षा के लिए कोई इक्यूपमेंट पहनाया गया था। इसी दौरान दीवाल के गिरने से उनके भाई शंभू साह और उनके साथ में काम कर रहे कुचायकोट थाना क्षेत्र के आसंदी महुअवां गांव निवासी नेसार अली की मौत हो गई।
इस दौरान आक्रोशित परिजन एवं ग्रामीण ठेकेदार और प्रशासन से मुआवजे की मांग कर रहे थे। परिजनों का आरोप था कि जब तक आरोपित ठेकेदार के विरुद्ध प्रशासन द्वारा कार्यवाही नहीं किया जाएगा और पीड़ित परिजनों को मुआवजा नहीं दिया जाएगा तो मृतक का दाह संस्कार नहीं किया जाएगा।
——————-
अंजली पर टूटा दुखों का पहाड़:
परसौनी खास गांव में दीवाल के नीचे दबकर मौत के बाद मजदूर शंभू साह की पत्नी अंजली देवी का रो रो कर बुरा हाल है और उनके ऊपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया जा रहा है कि सिवान जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के ओरमा गांव निवासी बृजलाल साह की बेटी अंजली देवी का विवाह 2 वर्ष पहले ही परसौनी खास गांव के शंभू साह के साथ हुआ था। शादी के बाद अंजली आठ माह से गर्भवती चल रही थी।
एक माह बाद ही उसका प्रसव होने वाला था। इसी दौरान मंगलवार के दिन उसके पति शंभू साह की मजदूरी करने के दौरान दीवाल के नीचे दबने से मौत हो गई है। जिसके बाद पत्नी अंजली देवी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अब उसे यह समझ नहीं आ रहा है कि अब उनका जीवन किसके सहारे गुजरेगा।
बताया जा रहा है कि शंभू साह और उनकी पत्नी टीनसेड और फूस की बनी झोपड़ी में मजदूरी कर अपना जीवन यापन कर रहे थे। वहीं मजदूरी की बदौलत सरकार के सहयोग से दो कमरे का मकान बनाने का सपना देख रहे थे। इसी दौरान पति शंभू साह की मौत हो जाने के बाद उसकी पत्नी अंजली देवी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। समाचार लिखे जाने तक मामले में थाने में कोई प्राथमिकी भी दर्ज नहीं कराई गई थी। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच पड़ताल कर रही है।