गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: नगर थाना क्षेत्र के तुरकहां पुल के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक बाइक पर सवार दो श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया।
जहां डॉक्टरों की देखरेख में उन लोगों का इलाज हुआ। फिर उनकी हालत चिंताजनक देखते हुए डॉक्टरों की टीम ने बेहतर उपचार के लिए उन्हें पटना रेफर कर दिया। सड़क हादसे में घायल लोगों में शिवहर जिले के रामसेवक महतो और अशर्फी महतो शामिल हैं।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि शिवहर जिले से चार बाइक पर सवार होकर आठ श्रद्धालु पूर्वी चंपारण जिले के अरेराज में पूजा अर्चना करने के लिए आए हुए थे। वहां से वह थावे धाम में पूजा करने के लिए चले थे। सभी श्रद्धालु जैसे ही नगर थाना क्षेत्र के तुरकहां पुल के पास पहुंचे कि एक बाइक पर सवार दो श्रद्धालुओं को तेज रफ्तार से आ रहे अज्ञात वाहन ने धक्का मार दिया। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहीं धक्का मारने के बाद अज्ञात वाहन वहां से फरार हो गया। जबकि घायल श्रद्धालुओं को इलाज के लिए सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज किया जा रहा है।
उधर घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल श्रद्धालुओं की बाइक जब्त कर नगर थाने पर ले कर चली गई।
उधर घटना की सूचना घायल श्रद्धालुओं के परिजनों को दे दी गई है। परिजन अपने गांव से पटना के लिए रवाना हो गए हैं। उधर छह श्रद्धालु भी बाइक पर सवार होकर अपने गांव के लिए रवाना हो गए हैं।