गोपालगंज| व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के सिधवलिया थाना क्षेत्र के बरहीमा गांव में शनिवार की सुबह घर में झाड़ू लगा रही एक महिला करंट की चपेट में आ गई। जिससे वह अचेत हो गई। अचेत अवस्था में परिवार के सदस्यों की नजर जब महिला पर पड़ी तो उसे इलाज के लिए लेकर स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में गए। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में रेफर कर दिया। जहां सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में करंट लगने से अचेत हुई महिला का इलाज किया जा रहा है।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि शनिवार की सुबह बरहिमा गांव के विशाल साह की पत्नी सुमन देवी अपने घर में झाड़ू लगा रही थी। झाड़ू लगाने के दौरान ही पहले से टूट कर गिरे बिजली के तार की चपेट में आ गई। इससे वह अचेत हो गई। अचेत अवस्था में पड़े होने की सूचना मिलने के बाद परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उसे इलाज के लिए लेकर स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में रेफर कर दिया। सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज किया जा रहा है।
वहीं इस घटना की सूचना मिलने के बाद महिला के मायके व ससुराल के लोग भी सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पहुंच गए। जहां डॉक्टरों व परिवार के सदस्यों की देखरेख में उसका इलाज किया जा रहा है। घटना के बाद से महिला की स्थिति नाजुक थी। लेकिन इलाज के बाद उसकी स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।