बैकुंठपुर।व्हीएसआरएस संवाददाता: महम्मदपुर थाना क्षेत्र के डुमरियाघाट स्थित नारायणी रिवर फ्रंट पर जल भरने गई एक महिला श्रद्धालु डुबकर लापता हो गई।
लापता महिला इसी थाने के दीपऊ पकड़ी गांव के रामाश्रय शर्मा की पत्नी 35 वर्षीय माया देवी है। घटना के संबंध में बताया गया कि माया देवी मंदिर में जल चढ़ाने के लिए जल भरने नारायणी नदी के रिवरफ्रंट के समीप गई थी। जल भरने के दौरान महिला ने संतुलन खो दिया। पैर फिसलने से नदी में गिरकर महिला लापता हो गई।
घटना की सूचना पूर्व विधायक व जयदेव के प्रदेश उपाध्यक्ष मंजीत कुमार सिंह ने डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी को दी। डीएम के निर्देश पर एनडीआरएफ की टीम डुमरियाघाट पहुंच गई है। लापता महिला को बरामद करने के लिए नदी में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। उधर माया देवी के नदी में डूबने की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पति रामाश्रय शर्मा, बेटा अरविंद कुमार, प्रियांशु कुमार, बुलेट कुमार, दीपक कुमार, शिवजी कुमार, बेटी रेखा कुमारी, अंजलि कुमारी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सर्च अभियान के दौरान नारायणी नदी के तट पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई है। लोग महिला की सकुशल बरामद की गुहार लगा रहे हैं। घटनास्थल पर पूर्व विधायक मंजीत कुमार सिंह, अंचलाधिकारी पंकज कुमार, स्थानीय मुखिया शंभू सहनी, अभय पांडेय सहित कई लोग मौजूद थे। समाचार लिखे जाने तक लापता महिला की बरामदगी नदी से नहीं हो पाई है।