गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: सूबे के कृषि विभाग बिहार सरकार के मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह ने केंद्र सरकार के 08 साल के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के कार्यकाल पूरा होने पर ग़ोपालगंज परिसदन में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित किया। इस दौरान उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से रिपोर्ट टू नेशनल कार्यक्रम के तहत केंद्र सरकार की 08 वर्ष की उपलब्धियां बताई। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने 08 वर्षो के कार्यकाल में कुर्सी की चिंता नहीं की, बल्कि देश की चिंता की। उन्होंने जो कहा वो किया।
उन्होंने प्रधानमंत्री की सराहना करते हुए कहा कि पीएम ने वर्तमान के साथ साथ भविष्य की भी चिंता की। विगत 08 वर्षों में दुनिया मे हमारी इज्जत प्रतिष्ठा बढ़ी है। 08 साल बेमिसाल के द्वारा सरकार के उपलब्धियों को गिनाते हुए उन्होंने कहा कि दशकों से अटका हुआ बेनामी सम्पत्ति कानून लागू किया गया।किसानों की आमदनी, गरीबों का अपना पक्का घर, हर घर मे शौचालय, गैस का चूल्हा, सभी गांवों में बिजली जैसे सभी वादे पूरे किए गए हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया मे हमारी इज्जत प्रतिष्ठा बढ़ी है। गरीब कल्याण के योजनाओं को मजबूती से लागू किया गया है। 22 प्रतिशत गरीबी रेखा से नीचे जीने वाले लोग अब मात्र 10 प्रतिशत रह गए है। उन्होंने आगे कहा कि देश की एकता, अखण्डता को एक संबल प्राप्त हुआ है। गांव , गरीब, किसान, वंचित, शोषित, पिछड़े इत्यादि के उत्थान के लिए आवश्यक कदम उठाए गए है। मुद्रा भंडार 300 मिलियन डॉलर मनमोहन सरकार में हुआ करता था। परन्तु आज 600 बिलियन डॉलर विदेशी मुद्रा भंडार है।
उन्होंने कहा कि हम उपलब्धियों के दौर से गुजर रहे है। व्यवसाय, उद्योग को प्रारम्भ करना मोदी सरकार में आसान हुआ है। डीबीटी योजना प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की गयी थी। जिसका मकसद भ्रस्टाचार पर लगाम लगाना था। अब केंद्र से जितना पैसा जाता है उतना ही पैसा नीचे तक ज्यों का त्यों पहुंच जाता है। उन्होंने गरीबों का बैंक एकाउंट खोले जाने, रक्षा के क्षेत्र में हथियारों को निर्यात करने, प्रयावरण, अंतरिक्ष, स्वास्थ्य के क्षेत्रो में किए गए कार्यो को विस्तार पूर्वक बताया। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख तक का इलाज मुफ्त में किया जा रहा है।उन्होंने कोविड वैश्विक माहमारी में सरकार द्वारा किये गए प्रयासों की भी बात कही। उन्होंने कहा कि इस दौरान सबसे अधिक 192 करोड़ वैक्सीन का डोज देशवासियो को दिया गया। कोविड काल मे बड़े बड़े देश परेशान रहे लेकिन भारत तमाम बाधाओं को पार करके आगे बढ़ा है। कृषि के निर्यात में 23 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। कृषि बजट 2014 के मुकाबले 10 गुना बढाई गयी है।
उन्होंने कृषि व किसानों के विषय पर बोलते हुए कहा कि वर्ष 2020-21 में कोविड महामारी के बावजूद कृषि एवं सम्बद्ध क्षेत्र का विकास दर 3.7 प्रतिशत रहा है। वर्ष 2020-21 में अकेले फसल उत्पादन का वृद्धि दर 9.8 प्रतिशत रहा है।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि किसानों की कड़ी मेहनत और केंद्र तथा राज्य सरकार की किसान हितकारी नीतियों के कारण सम्भव हुआ है। उन्होंने कहा कि कृषि के क्षेत्र में एक अद्भुत क्रांति पैदा हुई है। हर गांव मे बिजली पहुंच चुकी है। देश का ऐसा कोई गांव नही है जहां बिजली ना पहुंची हो। खेतों में भी बिजली पहुंचाई जा रही है। किसान बिना डीजल खर्च किये बिजली के माध्यम से खेती का कार्य कर रहा है।