प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन में जुटी पुलिस
गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: सदर अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती एक कैदी फरार हो गया। कैदी के फरार होने के मामले में नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस मामले की छानबीन करने में जुट गई है। बताया गया है कि नगर थाने की पुलिस ने फतहा गांव का एजाज खान को मारपीट के मामले में करीब दो साल पूर्व गिरफ्तार कर चनावे जेल में भेज दिया गया। जहां वह बंद था।
करीब एक सप्ताह पूर्व उसकी तबीयत बिगड़ने के बाद विचाराधीन कैदी को जेल अधीक्षक के निर्देश पर इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां सदर अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती कैदी एजाज खान का इलाज चल रहा था। मंगलवार को कैदी वार्ड में तैनात पुलिसकर्मी शौच करने के लिए बाहर निकले थे। इसी बीच मौका देखकर कैदी वार्ड से निकल कर फरार हो गया।
पुलिसकर्मी ने उसकी काफी खोजबीन की। मगर उसका कहीं पता नहीं चल सका। इसके बाद नगर थाने की पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की जांच की। इसके बाद फरार हुए कैदी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।