गोपालगंज |व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के उचकागांव थाना क्षेत्र के झिरवा गांव में जमीन पर जबरन कब्जा करने का विरोध करने पर एक वृद्ध के शरीर में आग लगा दी गई। जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गए। बीच बचाव करने के लिए उनकी पतोहू जब गई तो उसके साथ भी मारपीट कर उसे घायल कर दिया गया। दोनों घायलों को इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज किया जा रहा है।
घटना के संबंध में मारपीट में घायल सुनीता देवी ने बताया कि उनके पड़ोस के लोग जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। इसका विरोध करने पर पड़ोस के लोग गाली गलौज करने लगे। इसके बाद मारपीट की। मारपीट के दौरान उसके ससुर मोती चौधरी के ऊपर मिट्टी तेल छिड़ककर शरीर में आग लगा दी गई। जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। मौके पर मौजूद अन्य लोगों के बीच बचाव करने के बाद मामला शांत हुआ। इसके बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में लाया गया। जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज इमरजेंसी वार्ड में चल रहा है।
उधर घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना के सब इंस्पेक्टर अजीत कुमार सिंह सदर अस्पताल में पहुंचे और मामले की छानबीन की। इसके बाद मोती चौधरी का बयान दर्ज कर मामले की छानबीन करने में जुट गए। उधर स्थानीय थाना की पुलिस ने कहा कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद वृद्ध के शरीर पर आग लगाने और उसकी बहू के साथ मारपीट करने वाले लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।