मीरगंज।व्हीएसआरएस संवाददाता: मीरगंज शहर में डेंगू के बढ़ते प्रकोप को लेकर नगर परिषद गंभीर हो गया है| नगर प्रशासन पीड़ितों की पहचान के लिए अपने कर्मियों को डोर-टू-डोर सर्वे में लगाया है। अब तक सर्वे में कुछ ऐसे मरीज भी मिले है जिसको टाइफाइड बुखार है लेकिन डेंगू से डरे हुए है।
डेंगू को लेकर वर्ष 2019 पांच सौ अधिक केस मिले थे, इस बार डेंगू के लक्षण वाले 50 से 60 मरीज पाए गए है जिनका इलाज गोरखपुर या पटना में चल रहा है। बुधवार को नगर परिषद के कर्मियों ने शहर की कई कालोनियों में सर्वे कर डेंगू से बचाव को लेकर जानकारी दी। साथ ही लोगों के बीच पम्पलेट बांटे गए और चौक चौराहों पर बड़े बड़े होर्डिंग्स लगाए
इसमें बताया गया है कि डेंगू कैसे फैलता है, क्या बचाव करना चाहिए, किस तरह से डेंगू की रोकथाम कर सकते हैं। जागरूकता अभियान में आशा कार्यकर्त्ता को लगाने की मांग नगर प्रशासन द्वारा की गई हैं। नगर ईओ डॉ अजीत कुमार शर्मा का कहना है कि जब तक डेंगू का प्रकोप कम नहीं होता तब तक जागरूकता अभियान जारी रहेगा| साथ ही शहर में फॉगिंग व ब्लीचिंग का छिड़काव लगातार चलेगा। शहर में डेंगू के आने से लोगों में डर बना हुआ है, इसलिए लोगों को जागरूक होने की जरूरत है।
शहर के प्रसिद्ध चिकित्सक डा दुर्गेश कुमार ने बताया कि डेंगू से डरने की जरुरत नहीं है।इससे बचाव के उपाय करने होंगे। बुखार के लक्षण नजर आए तो जांच कराए। अभी तक डेंगू से शहर में दो लोगों की मौत की सूचना है। डेंगू से बचाव को लेकर लोगों को जागरूक करने की जरूरत है। लोगों से अपील है कि नगर प्रशासन की तरफ से जारी हिदायतों का पालन करें। किसी में डेंगू बुखार के लक्षण नजर आएं तो सरकारी अस्पताल में संपर्क करते हुए जांच करवाएं, इससे बीमारी की पुष्टि होने पर इलाज शुरू हो जाएगा।
डेंगू की होर्डिंग्स से पटा चौक -चौराहा :मीरगंज शहर में डेंगू के प्रकोप होने के बाद नगर प्रशासन एक्टिव मोड में आ गया है| शहर के चौक -चौराहों पर नगर परिषद द्वारा बड़े- बड़े होर्डिंग लगाए गए है| जबकि प्रतिदिन इससे बचाव को लेकर फॉगिंग व ब्लीचिंग करायी जा रही है| प्रभावित क्षेत्र में नगर प्रशासन का फॉगिंग पर अधिक जोर है| शहर के सभी वार्डों में फॉगिंग कराने के आदेश दिए गए है|
नहीं मिले नए मरीज :मीरगंज शहर में डेंगू के बढ़ते प्रकोप के बीच बुधवार को प्रशासन के लिए राहत की बात रही| बुधवार को डेंगू का कोई नया मरीज नहीं मिला| हालांकि मरीजों की पहचान के लिए नगर परिषद सर्वे करा रहा है| इस सर्वे में कोई डेंगू से पीड़ित नहीं मिला| इधर, ईओ ने बताया कि लोगों को डेंगू को लेकर पैनिक होने की जरूरत नहीं है| बचाव पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है|