भोरे। व्हीएसआरएस संवाददाता: थाने के कुशहा गांव में एक विवाहिता की पांच लाख रुपये दहेज के लिए गला दबाकर हत्या कर दी गई।मृतका गांव के विश्वकर्मा कुशवाहा की पत्नी पिंकी देवी है।घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पति,सास और ननद को गिरफ्तार कर लिया।
मिली जानकारी अनुसार थाने के कुकुरभुका गांव के तुफानी कुशवाहा की पुत्री पिंकी देवी की शादी कुशहा के हरि शंकर सिंह के पुत्र विश्वकर्मा सिंह के साथ 26 फरवरी 2019 को हुई थी। शादी के बाद से ही उसे पांच लाख रुपए दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जाता रहा।इसी बीच उसने एक बच्चे को भी जन्म दिया जो अभी एक बर्ष का है।
कल शनिवार की देर रात उसके ससुराल वालों ने सूचना दी कि सीढ़ी से गिरकर पिंकी की मृत्यु हो गई है।जब उसके पिता कुशहा गए तो पता चला कि गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई है।परिजन तत्काल ही उसे लेकर रेफरल अस्पताल भोरे गए, जहां डॉक्टरों ने उसे बाद मृत घोषित कर दिया।
वहीं घटना की सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष सुभाष कुमार सिंह ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज भेज दिया।रविवार को पिता तुफानी कुशवाहा के बयान पर पति विश्वकर्मा सिंह,ससुर हरिशंकर सिंह,सास रजुली देवी और ननद पुष्पा कुमारी और सुनीता कुमारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति,सास और ननद को गिरफ्तार कर लिया है।