गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र के मुजौना गांव में पटाखा फोड़ने का विरोध करने पर एक ही परिवार के 6 लोगों को मारपीट कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया। जख्मी लोगों को इलाज के लिए मांझागढ़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में रेफर कर दिया। जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज इमरजेंसी वार्ड में चल रहा है।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि लाठी डंडा व धारदार हथियार के हमले में खलीफा यादव, राजमती देवी, मुन्ना यादव, उषा देवी, शुभकरण चौधरी और केदार यादव घायल हो गए हैं। घायलों ने बताया कि उनके पड़ोस के कुछ लोग पटाखा फोड़ रहे थे। पटाखा फोड़ने का विरोध करने पर उक्त लोगों ने लाठी-डंडों व धारदार हथियार से हमला कर घटना को अंजाम दिया। मौके पर मौजूद अन्य लोगों की मदद से मामले को शांत कराया गया। इसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए मांझागढ़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद गोपालगंज सदर अस्पताल में रेफर कर दिया। जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद मांझागढ़ थाना की पुलिस मामले की छानबीन करने में जुट गई है।