उचकागांव।व्हीएसआरएस संवाददाता: प्रखंड के सिसवनिया गांव में हनुमत प्राण प्रतिष्ठा को लेकर चल रहे महायज्ञ के चौथे दिन सोमवार को श्रीमद् भागवत कथा वाचक श्री कृष्ण बल्लभ जी महाराज ने भागवत कथा के बारे में भक्तों को बताया इसके सुनने से मानव का कल्याण हो जाता है| भागवत कथा का श्रवण करने से भक्तों को श्रीहरि का स्नेह प्राप्त होता है और भक्तों के साथ साथ इसके श्रवण मात्र से पापियों का भी कल्याण हो जाता है।
उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा 335 अध्याय, 12 स्कंद और 18 हजार स्लोक का एक दिव्य संहिता है। जिसकी रचना भगवान गणेश की सहायता से वेदव्यास जी महाराज ने की थी। सुखदेव जी महाराज ने राजा परीक्षित को इसकी कथा सुनाई थी। जिसके बाद उनका कल्याण हो गया।
उन्होंने कहा कि भागवत कथा सुनने से धूधकारी, जघाई, मघाई जैसे पापियों का भी चैतन्य महाप्रभु के कृपा से कल्याण हो गया था। श्रीमद् भागवत कथा ऐसा ग्रंथ है जो मृत्यु को भी मंगलमय बनाती है और लोगों के सभी मनोकामनाओं की पूर्ति करती है।
श्रीमद् भागवत कथा वाचन से पूर्व थानाध्यक्ष सुभाष कुमार सिंह, पुलिस पदाधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, मंटू कुमार रजक आदि ने संयुक्त रूप से फीता काटकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। उद्घाटन के पश्चात पदाधिकारियों एवं यज्ञ समिति के सदस्यों ने भगवान श्री कृष्ण और कथावाचक का पूजन व आरती किया। जिसके बाद कथा वाचन शुरू किया गया।
मौके पर यज्ञ समिति के सदस्य व समाजसेवी बबलू मिश्र, राजीव कुमार पांडेय, रंजीत मिश्र उर्फ बप्पी मिश्र, अंकुर पांडेय, पवन पांडेय, बुलेट पटेल, संतोष श्रीवास्तव, सुनील पांडेय, नवीन पांडेय आदि थे।