गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) गोपालगंज के द्वारा जी-20 देशों में भारत को औपचारिक रूप से अध्यक्षता मिलने पर कमला राय कॉलेज परिसर में जी-20 का पोस्टर विमोचन कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व करते हुए प्रदेश कार्यकारणी सदस्य नवीन सोलंकी ने कहा कि आजादी के इस अमृत काल में G-20 की अध्यक्षता भारत करेगा ये हर भारतीयों के लिए गर्व की बात है।
इस अवसर पर कमला राय की प्राचार्य प्रो डॉ रुकसाना खातून ने कहा कि आगामी 20 साल हर दृष्टिकोण से भारत के लिए अहम है। आज पूरी दुनिया भारत के तरफ आशा भरी निगाहों से देख रही है। 21वीं सदी का भारत संभावनाओं का भारत है, भारत अगर सिर्फ भारत जैसा बन जाए तो भारत को विश्व गुरु बनने से कोई रोक नहीं सकता है। नगर अध्यक्ष डॉ कुमारी मनीषा ने कहा कि जी-20 दुनिया के प्रमुख विकसित और विकाशशील अर्थव्यवस्थाओं का एक मंच हैं। भारत के जी-20 प्रेसिडेंसी का विषय वसुधैव कुटुंबकम् या एक पृथ्वी एक परिवार एक भविष्य है,भारत के प्रत्येक नागरिकों के लिए गर्व की बात है।
प्रो डॉ ए के पाण्डेय ने कहा कि जी-20 लोगो भारत के राष्ट्रीय ध्वज के रंगों केसरिया, सफेद एवं हरा तथा नीला से प्रेरणा लेता है। यह पृथ्वी ग्रह को कमल के साथ जोड़ता है, भारत का राष्ट्रीय फूल जो चुनौतियों के बीच विकास को दर्शाता है। पृथ्वी जीवन के लिए भारत के ग्रह-समर्थक दृष्टिकोण को दर्शाती है, जो प्रकृति के साथ पूर्ण सामंजस्य में है। जी-20 लोगो के नीचे ”भारत” है, जो देवनागरी लिपि में लिखा गया है।
प्रो डॉ अनुजा सिंह ने कहा कि आज जब भारत जी20 की अध्यक्षता करने जा रहा है तो ये आयोजन हमारे लिए 130 करोड़ भारतीयों की शक्ति और सामर्थ्य का प्रतिनिधित्व है.
विभाग संयोजक अनिश कुमार ने कहा कि आज आधिकारिक लोगो का विमोचन किया गया तथा सभी छात्र-छात्राओं को जी-20 के संबंध में बताया गया। इसका उद्देश्य है कि इस गौरवशाली क्षणों का हिस्सा सभी भारतीय बनें। मौके पर प्रो संदीप कुमार, छात्र संघ महासचिव निहाल पटेल,विक्की कुशवाहा,विवेक कुमार,अनुराग कुमार चंदन, कौशिक, माधव, केशव, प्रिंस, धीरज, अजीत, सरस्वती, सोनल प्रिया, नेहा एवं पल्लवी सहित अन्य उपस्थित थे।