गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के विश्वंभरपुर थाना क्षेत्र के सिपाया ढाला के समीप स्थित किराए के मकान में रहने वाले एक पॉलिटेक्निक कॉलेज के छात्र ने फांसी के फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। मृतक महम्मदपुर थाना क्षेत्र के झझवा पकड़ी गांव के अभय सिंह कुशवाहा का 19 वर्षीय पुत्र निर्भय सिंह कुशवाहा उर्फ शशांक था। घटना की सूचना मिलने के बाद विश्वंभरपुर थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार साह पुलिस बल की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन की। इसके बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में भेज दिया।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि निर्भय सिपाया ढाला के समीप किराए के लॉज में रहता था। शनिवार की रात लॉज के मालिक राज नारायण साह रोज की तरह लॉज की गतिविधियों को देखने के लिए निकले हुए थे। इस बीच उन्होंने देखा कि निर्भय का कमरा बंद है। अंदर कमरे में लाइट जल रहा है और पंखा भी चल रहा है। खिड़की के तरफ से देखा तो वह अंदर का दृश्य देखकर चौक गए। अंदर निर्भय फांसी के फंदे से लटका हुआ था। इसकी सूचना पुलिस को उन्होंने दी। इसके बाद पुलिस ने निर्भय के परिवार के सदस्यों को इस घटना की जानकारी दी।
परिजन जब पहुंचे मौके पर तब पुलिस ने शव को नीचे उतारा गया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में भेज दिया। मृतक के पिता अभय सिंह कुशवाहा ने लॉज के मालिक राज नारायण साह पर अज्ञात लोगों के साथ मिलकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस हत्या व आत्महत्या की बिंदु पर जांच कर रही है।