गोपालगंज।व्हीएसआरएस संवाददाता: कटेया थाना क्षेत्र के किलपुर कांटा गांव के पास स्कूल से पढ़कर घर लौट रहे एक 7 वर्षीय बच्चे को अनियंत्रित पिकअप ने धक्का मार दिया। धक्का लगते ही वह मौके पर गिरकर बुरी तरह जख्मी हो गया। जिसे इलाज के लिए स्थानीय लोगों की मदद से कटेया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
जहां डॉक्टरों ने स्थिति को नाजुक देखते हुए गोपालगंज सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल बच्चे को इमर्जेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। लेकिन स्थिति में कोई सुधार ना होते देख डॉक्टरों ने उपचार के बाद गोरखपुर में रेफर कर दिया। फिलहाल बच्चे की स्थिति गंभीर बनी हुई है। घायल बच्चे की पहचान कुरुम टोला भगवानपुर गांव निवासी शेष नाथ के 7 वर्षीय बेटा अमन कुमार बताया जा रहा है।
स्कूल से घर लौटने के दौरान पिकअप ने मारी टक्कर
मिली जानकारी अनुसार जख्मी बच्चा रोज की तरह पढ़ने के लिए स्कूल जाता था। आज भी वह स्कूल पढ़ने गया था, स्कूल से पढ़ कर वह वापस अपने घर लौट रहा था। इसी बीच कीलपुर कांटा गांव के पास पैदल सड़क किनारे चल रहा था। तभी अनियंत्रित पिकअप ने पैदल जा रहे बच्चे को जोरदार धक्का मार दिया। जिससे वह मौके पर ही गिरकर जख्मी हो गया। वही पिकअप सड़क किनारे पलट गया।
मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगो ने बच्चे को तत्काल इलाज के लिए कटेया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। आरोपी ड्राइवर को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। इधर सदर अस्पताल पहुंचे बच्चे को गोरखपुर रेफर कर दिया गया। फिलहाल बच्चे को स्थिति नाजुक बनी हुई है।