उचकागांव| व्हीएसआरएस संवाददाता: प्रखंड मुख्यालय पर उचकागांव मत्स्य जीवी सहयोग समिति आम निर्वाचन चुनाव 2022 के लिए मंगलवार को नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई।
इस दौरान प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ मनोज कुमार पंडित के देखरेख में पहले दिन 5 लोगों ने अलग-अलग पदों पर अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन दाखिल करने के लिए आवेदकों एवं उनके समर्थकों के बीच प्रखंड मुख्यालय पर जमकर गहमागहमी देखी गई।
इस दौरान पहले दिन नामांकन दाखिल करने वालों में अध्यक्ष पद पर गुरुम्हा गांव के प्रभु बीन, मंत्री पद पर धर्मचक गांव के अरुण कुमार प्रसाद, वही सदस्य पद पर सांखे खास गांव के गोरख प्रसाद, गुरमा गांव के नथुनी प्रसाद और सबरू प्रसाद शामिल है।
प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ मनोज कुमार पंडित ने कहा कि मत्स्य जीवी सहयोग समिति आम निर्वाचन चुनाव के अंतर्गत उचकागांव में अध्यक्ष पद पर एक, मंत्री ( कोषाध्यक्ष) पद पर एक व सदस्य पद के लिए 11 पद निर्धारित है। जिसमें सदस्य पद के लिए पांच पर महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। जिसके विरुद्ध पहले दिन पांच लोगों ने अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन की प्रक्रिया बुधवार तक जारी रहेगी।