मीरगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: भीषण गर्मी के बीच शहर में जलापूर्ति संकट लोगों के समक्ष बना हुआ है। सबसे अधिक स्लम बस्ती के लोगों को पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। शहर में स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति के लिए नगर परिषद ने नल जल के योजना के तहत पाइप बिछाई है लेकिन स्टेशन रोड के स्लम बस्ती में पेयजल की सुविधा नहीं है।यहां पर एक भी सरकारी चापाकल नहीं गाड़े गए है।
जिससे यहां रहने वाले लोगों को पानी के लिए इधर उधर भटकना पड़ता है। गर्मी में लोगों की हलक सूख रही है लेकिन नगर परिषद को इसकी चिंता नहीं है| नल जल के तहत स्लम बस्ती में नल नहीं लगाए गए है जिससे लोगों को पानी नहीं मिल पाता है।इसको लेकर बस्ती के लोगों ने कई बार शिकायत की लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। सबसे आश्चर्य की बात यह है कि यहां रहने वाले लोगों को बिजली, राशन, आवास सहित अन्य योजनाओं का लाभ नहीं मिला है ।
एक -दो परिवार को छोड़ कर बाकी किसी को भी राशन कार्ड नहीं है। लोगों की समस्या का निदान कर पाने के लिए स्थानीय पार्षद कई बार नगर परिषद में गुहार लगा चुके है लेकिन समस्या से निजात नहीं मिल सका है।
—————————
आवास योजना का लाभ नहीं :
मीरगंज शहर स्टेशन रोड स्थित स्लम बस्ती के लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिला है। इसका कारण है कि स्लम बस्ती में रहने वाले लोगों के पास जमीन नहीं है |पार्षद धनंजय यादव ने बताया कि स्लम बस्ती के लोगों को मकान देने के लिए एक योजना बनी है।विभाग से हरी झंडी मिलने के बाद इस पर काम शुरू होगा।
—————————
बिजली नहीं रहने से पंखा झेलने को मजबूर है बस्ती के लोग:
मीरगंज स्थित स्लम बस्ती के लोग भीषण गर्मी में काफी परेशान है| इन लोगों के घरों में बिजली कनेक्शन की सुविधा नहीं रहने से खुले में रहने को विवश है| हाथ के पंखा के सहारे इन लोगों की रात कटती है| कई लोग खुले आसमान के नीचे सोने को मजबूर है| बस्ती के रहने वाले चरणजीत, गब्बर आदि ने बताया कि गर्मी में हालत खराब है| सरकारी स्तर पर पेयजल की सुविधा नहीं है|
—————————
स्लम बस्ती के लिए नगर परिषद ने एक योजना बनायी है| इसके तहत उनको पक्के मकान देने की योजना है| इस दिशा में कार्य हो रहा है| नगर विकास व आवास विभाग ने ऐसे क्षेत्र को चिन्हित कर रिपोर्ट करने की बात की है|
डॉ अजीत कुमार शर्मा
ईओ, मीरगंज नगर परिषद