उचकागांव।व्हीएसआरएस संवाददाता: स्थानीय थाना क्षेत्र के लुहसी विजयीपुर में नील गाय ने एक महिला की पटक पटक कर जान ले ली| मृत महिला शैल देवी (40) लुहसी विजयीपुर टोला निवासी हरेंद्र चौरसिया की पत्नी थी| मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया है| पुलिस की मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया|
बताया जा रहा है कि शैल देवी मंगलवार की दोपहर गांव के ही रसौती के पास अपने खेत में निराई -गुड़ाई करने गई थी| वहां पर वह खेत से घास निकाल रही थी तभी पीछे से एक नील ने उसे उठा कर पटक दिया| जैसे ही महिला संभलने की कोशिश की तो फिर नील गाय ने उसे पटक दिया|
लगातार कर बार पटकने व सिंग से हिंसक प्रहार करने से वह लहूलुहान हो गई| जब तक लोग यह वाक्या देख पाते तब तक नील गाय ने उसे मौत के घाट उतार दिया| बाद में एक व्यक्ति की नजर नील के प्रहार पर गई तो उन्होंने गांव के लोगों की इसकी सूचना दी| जब लोग मौके पर पहुंचे तो महिला की मौत हो गई थी| इसकी जानकारी परिजनों के साथ पुलिस को दी गई|
पीड़ित परिवार के पंकज चौरसिया ने बताया कि महिला खेत में निराई करने गई थी इस बीच नील गाय ने उसे मार डाला| उन्होंने बताया कि लुहसी व आसपास के गांवों नील गायों का आतंक है| पूर्व में भी नील गाय के हमले से कई लोग जख्मी हो चुके है|
परिजनों में मचा कोहराम : शैल देवी की मौत से हरेंद्र चौरसिया के घर कोहराम मच गया है| परिवार के सदस्यों का रो -रोकर बुरा हाल हो गया है| मां की असमय मौत पर पुत्र दीपक, दीपू, रिपु तथा पुत्री पूजा काफी सदमे में है| लोगों ने बताया कि काफी कम उम्र में ही बच्चों से उनकी मां का साया उठ गया| शैल देवी काफी ही मिलनसार स्वभाव की महिला थी| इनके पति खेती -मजदूरी कर बच्चों का आजीविका चलाते है|