उचकागांव | व्हीएसआरएस संवाददाता: बिहार में एनडीए की सरकार लगातार विकास के कार्य कर रही है। केंद्र में भी एनडीए की सरकार है। केंद्र से मिलने वाली मदद से बिहार में और तेजी से विकास हो रहा है। ये बातें उचकागांव प्रखंड के कपरपुरा गांव में पूर्व मुखिया व भाजपा नेता दिनेश सिंह के आवास पर गोपालगंज विधानसभा जनप्रतिनिधि संवाद कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय ने कही। उन्होंने कहा कि बिहार के वैसे युवा जिसने लालू यादव की सरकार देखी ही नहीं है, उन्हें अपने परिवार के सदस्यों से पूछना चाहिए कि तब बिहार कैसा था। लोग शाम होने के बाद अपने अपने घरों से नहीं निकलते थे।
लेकिन, जब नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनी तो बिहार में सबसे पहले अपराध पर अंकुश लगाने का कार्य किया गया। आज लोग कहीं भी कभी भी जाकर आराम से घूम लेते हैं। उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार के कार्य को गिनाया। उन्होंने कहा कि बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में विकास का कार्य हो रहा है। वर्ष 2006 में एनडीए सरकार में सभी वर्गो को नेतृत्व का मौका दिया गया| महिलाओं को आरक्षण का लाभ मिला| महिलाओं को आगे लाने का काम सरकार ने किया है | उन्होंने कहा कि पंचायत में विकास के लिए राशि बढ़ाई गई| जिससे गांव व टोले का विकास तेजी से हो रहा है|
इस दौरान मंत्री ने उपस्थित पंचायत प्रतिनिधियों से एनडीए स्थानीय निकाय क्षेत्र के उम्मीदवार राजीव कुमार ऊर्फ गप्पू बाबू को वोट करने की अपील की| मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह, राजू चौबे, शिवकुमार उपाध्याय, ओमप्रकाश सिंह, ब्रह्मनन्द राय, राजकुमार गुप्ता, प्रमोद कुमार गुप्ता, शाह आलम, जैनुल हक, प्रकाश लाल श्रीवास्तव, चंद्रमोहन पांडेय,नीरज पांडेय आदि थे।