- शहर की वायु गुणवत्ता सूचकांक हो रही है खराब।
मीरगंज।व्हीएसआरएस संवाददाता: हथुआ रेलवे जंक्शन पर बने रेक प्वाइंट से हो रहे लोडिंग -अनलोडिंग से मीरगंज शहर के लोगों की सेहत बिगड़ रही है | वातावरण में धूल कणों की अधिकता से हवा की सेहत खराब हो गई है। हवा की स्थिति खराब होने से लोगों की मुश्किलें भी बढ़ने लगी है। शहर की वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 230 दर्ज किया गया है।
प्रदूषण बढ़ने से शहर वासी चिंतित हो उठे है। इस स्थिति में सांस लेना भी मुश्किल हो चला है। सांस रोगियों के लिए तो चुनौतीपूर्ण स्थिति है। शहर के वातावरण में धूलकणों की सघनता बढ़ी है जिससे वायु प्रदूषण का लेवल भी बढ़ गया है। शहर में दो और तीन पहिया वाहनों के अलावा भारी वाहनों के कारण भी प्रदूषण बढ़ा है। इस स्थिति में वायु गुणवत्ता सूचकांक सेहत के नजरिए से अलार्म बजा रहा है।
प्रतिदिन रेक पर चलता है लोडिंग -अनलोडिंग का काम :
हथुआ रेलवे रेक प्वाइंट पर प्रतिदिन बिल्डिंग या सड़क मेटेरियल से संबधित माल की लोडिंग -अनलोडिंग की जाती है।जिससे काफी मात्रा में धूल कण वातावरण में उड़ते है| शहर के बीचोबीच स्थित रेक प्वाइंट पर दिन-रात गिट्टी व अन्य मेटेरियल के अनलोडिंग जारी रहती है। इससे सबसे अधिक परेशानी रेलवे रेक के अगल-बगल बसे लोगों को हो रही है।
दुकानदार भी रहते हैं परेशान:
रेक से मोहल्ले के अलावा दुकानदार भी परेशान रहते हैं।दुकानदारों ने बताया कि दिनरात अनलोडिंग व ट्रैक्टर के परिचालन से हमलोग परेशान रहते हैं। खासकर स्टेशन चौक, मिल रोड, दखिन मोहल्ला, नरइनिया आदि इलाकों में धूल से लोगों का जीना मुहाल हो गया है| स्टेशन रोड से लेकर नरइनिया तक की ट्रैक्टर की आवाजाही रहती है। बाजार के दुकानदार भी रैक प्वाइंट से आजिज रहते हैं।
रैक प्वाइंट को हटाने की उठ रही है मांग :
हथुआ जंक्शन स्थित रैक प्वाइंट को हटाने की मांग अब होने लगी है| स्थानीय लोगों द्वारा बार-बार इसे हटाने मांग की जा रही है। बावजूद इसे नहीं हटाया गया| पूर्व वार्ड पार्षद कमलेश्वर प्रसाद उर्फ गुडडू माली ने कहा कि रैक प्वाइंट निर्माण के समय भी लोगों ने विरोध किया था। लेकिन रेलवे ने रेक बना डाली| लोगों की मांग है कि इसे आबादी से दूर किया जाय | जिससे कि शहर वासियों की सेहत बनी रहे |
रेल अधिकारियों को पत्र देकर रैक प्वाइंट शहर से दूर करने की मांग की गई है। प्रदूषण से शहर बचाने के लिए रेक प्वाइंट को हटाने की जरूरत है।
सांस के मरीजों की बढ़ रही है संख्या :
मीरगंज शहर में रेक पॉइंट के कारण लोगों में सांस लेने संबंधित बीमारियां होने लगी है| कई लोगों में इसके लक्षण भी सामने आने लगे है| दमा के मरीजों की तदाद बढ़ी है|
शहर के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ प्रभु प्रसाद ने बताया कि रेक से उड़ने वाले धूल काफी ही महीन होते है जो सांस के द्वारा सीधे फेफड़े में जाता है और लोगों को बीमार बनाता है| इससे बचने के लिए मास्क लगाना चाहिए |
क्या कहते है शहर वासी
मीरगंज शहर के जयप्रकाश चौक निवासी व व्यवसायी विकास कुमार गुप्ता का कहना है कि रेलवे की रेक पॉइंट से लोगों को काफी परेशानी हो रही है| इससे प्रदूषण फ़ैल रहा है जिससे लोगों में सांस की बीमारी हो रही है| इसको हटाने की जरुरत है| वहीं शहर के मेन रोड निवासी मुरारी पोद्दार का कहना है कि रेक पॉइंट के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई है| प्रतिदिन रेक पॉइंट से लोडिंग -अनलोडिंग के कारण धूल से घर भर जा रहा है|
इससे शहर वासी मुश्किल में है| लोग इसे आबादी वाले इलाके से हटाने की मांग कर रहे है| लेकिन इसे न बंद ही किया जा रहा है और न ही हटाया जा रहा है| इधर शहर के समाजसेवी विनोद व्यास का कहना है कि
रेक पॉइंट को लेकर कई बार लोगों ने विरोध जताया है फिर भी इसे नहीं हटाया गया| धूल से लोगों का किचन भर जा रहा है | इससे लोगों को भारी परेशानी हो रही है|
हथुआ से रेक पॉइंट हटाने को लेकर अभी कोई सूचना नहीं है| सिधवलिया में नए रेक बनाने की योजना है|
कमलेश सिंह
माल बाबू, हथुआ स्टेशन