उचकागांव। व्हीएसआरएस संवाददाता: थाना क्षेत्र के जमसड़ गांव में टूनी देवी हत्याकांड मामले में फरार एक आरोपित ने शनिवार के दिन पुलिस दबीश के बाद आत्मसमर्पण कर दिया। जबकि दो आरोपित अभी भी फरार चल रहे हैं। जिनके गिरफ्तारी के लिए पुलिस जगह-जगह छापेमारी कर रही है।
थाना क्षेत्र के जमसड़ हाता गांव में 18 अगस्त की रात आपसी विवाद को लेकर कुछ लोगों द्वारा गांव के शंभू प्रसाद की पत्नी टुनी देवी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
घटना में मृतक टूनी देवी के पति, बेटे, देवर सहित परिवार के आधा दर्जन लोग भी जख्मी हो गए थे। मामले में मृतक टूनी देवी के पति शंभू प्रसाद के द्वारा आठ नामजद और 10 अज्ञात लोगों के विरुद्ध थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मामले में पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। जबकि तीन नामजद आरोपित अभी भी फरार चल रहे थे।
जिनके विरुद्ध न्यायालय द्वारा इश्तेहार जारी किया गया था। जिसे पंद्रह दिन पूर्व पुलिस पदाधिकारी मुकेश कुमार सिंह और कृष्ण कुमार सिंह के नेतृत्व में पहुंचे पुलिस द्वारा ढोल-नगाड़े के साथ फरार चल रहे आरोपित मनु पटेल, उनके भाई सनू पटेल और रामअवध पटेल के घर पर जाकर कोर्ट द्वारा जारी इश्तेहार को लोगों के बीच घोषणा कर चिपकाया गया था। वही एक माह के अंदर फरार चल रहे हत्यारोपितों को आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया गया था।
इस दौरान पुलिस फरार चल रहे तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह छापेमारी कर रही थी। इस दौरान पुलिस की बढी दबिश के बाद शनिवार के दिन फरार चल रहे आरोपी रामअवध पटेल ने गोपालगंज न्यायालय में पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। जिससे पुलिस ने राहत की सांस ली है।
थानाध्यक्ष सुभाष कुमार सिंह ने हत्यारोपित के न्यायालय में आत्मसमर्पण की पुष्टि करते हुए कहा कि फरार चल रहे दोनों आरोपितों को पुलिस जल्द ही गिरफ्तार कर लेगी।