गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: शहर के अंशु मैरेज हॉल में साहित्यिक संस्था चरणाश्रयी के तत्वावधान में जिले के प्रसिद्ध लेखक सर्वेश तिवारी श्रीमुख के दूसरे उपन्यास पुण्यपथ का लोकार्पण हुआ। लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी(स्थापना) श्री मनीष कुमार सिंह शामिल हुए।
पुस्तक का लोकार्पण कमला राय कॉलेज के प्रोफेसर ए के पाण्डेय, डी ए वी उच्च विद्यालय के प्राचार्य श्री मित्रानन्द आर्य, जेनिथ कोचिंग सेंटर के संस्थापक श्री राजीव रंजन सिंह, भूदेव उच्च विद्यालय के प्राचार्य श्री आनंदेश्वरी मिश्र, अहियापुर पंचायत के पूर्व मुखिया श्री अशोक कुमार पाण्डेय, शक्तिनाथ तिवारी और डॉ आनन्द कुमार सिंह ने किया।
बता दें कि पुण्यपथ’ सर्वेश तिवारी श्रीमुख का दूसरा उपन्यास है, जो आने के साथ ही बेस्टसेलर हो चुका है और सप्ताह भर में ही इसकी हजारों प्रतियां बिक गयी हैं। हिन्दी के स्थापित साहित्यकारों और विद्वानों से उनको खूब सराहना मिल रही है। पाकिस्तानी हिन्दुओं की पीड़ा को केंद्र में रख कर लिखा गया यह उपन्यास पाठकों को खूब भा रहा है। सर्वेश का इससे पूर्व एक और उपन्यास “परत” आया था, वह भी पाठकों में खूब प्रसिद्ध हुआ था। परत की अबतक बीस हजार प्रतियां बिक चुकी हैं।
लोकार्पण के बाद विचार रखते हुए श्री मिश्र ने कहा कि साहित्य आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इस भौतिकवादी युग में, जब व्यक्ति एकांकी होता जा रहा है, साहित्य ही उसमें मानवीय संवेदना का विकास कर सकता है।
कार्यक्रम के दौरान विचार रखते हुए सर्वेश ने कहा कि सन उन्नीस सौ सैंतालीस में करोड़ों हिन्दुओं को पाकिस्तान में मरने के लिए छोड़ देना तब के राजनीतिज्ञों की सबसे बड़ी गलती थी। विश्व विरादरी को उनकी पीड़ा समझते हुए उनके समर्थन में कदम बढ़ाना चाहिए।
मौक़े पर युगलकिशोर पाण्डेय, मृत्युंजय पाण्डेय, नवनीत मिश्र, अंकज तिवारी, राजीव रंजन भारद्वाज, अंकज सिंह, चन्दन कुमार गुप्ता शैलेश सिंह, आदि सम्मिलित हुए।