गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: नगर थाना क्षेत्र के हरखुआ रोड में स्थित विष्णु शुगर मिल में कार्यरत लैब इंचार्ज गिर कर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। साथी कर्मियों की मदद से इलाज के लिए उन्हें गोपालगंज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि शनिवार की सुबह लैब इंचार्ज महेश तिवारी विष्णु शुगर मिल में जा रहे थे। इस बीच उनका पैर लड़खड़ा गया और वह लोहे पर गिर गए। जिससे उनके सिर पर गहरे जख्म हो गए।
मौके पर मौजूद अन्य कर्मियों व अधिकारियों की मदद से इलाज के लिए उन्हें गोपालगंज सदर अस्पताल में लाया गया। जहां इमरजेंसी वार्ड में उनका प्राथमिक उपचार किया गया। इस घटना की सूचना उनके परिवार के सदस्यों को दे दी गई है। बताया जा रहा है कि लैब इंचार्ज सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार के सदस्य भी सदर अस्पताल में पहुंच गए।
जहां विष्णु शुगर मिल के कर्मी व परिवार के सदस्यों की मदद से उन्हें बेहतर उपचार के लिए गोरखपुर ले जाया गया। गोरखपुर में उनका इलाज किया जा रहा है। उधर लैब इंचार्ज को देखने के लिए सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में विष्णु शुगर मिल के काफी संख्या में कर्मी भी पहुंच गए थे और उनका हाल जाना।