गोपालगंज । व्हीएसआरएस संवाददाता: जिले के महिला थाना की पुलिस ने पत्नी को जलाकर मारने के प्रयास करने के मामले में आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपित की गुरुवार को सदर अस्पताल में कोरोना की जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद पकड़े गए आरोपित को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
महिला थानाध्यक्ष अफशां परवीन ने बताया कि मार्च महीने में एक महिला ने थाने में अपने पति समेत अन्य लोगों के खिलाफ जलाकर मारने की कोशिश करने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस की टीम मामले की छानबीन कर रही थी। इस बीच पता चला कि महिला का पति कटिहार जिले में रह रहा है। फिर महिला थाना की पुलिस कटिहार जिले में पहुंची और छापेमारी कर आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया।
महिला थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार किया गया आरोपित कटिहार जिले के नगर थाना क्षेत्र के सलामत नगर गांव का मोहम्मद सद्दाफ उर्फ मोंटी बताया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि दहेज को लेकर महिला का पति प्रताड़ित कर रहा था। मार्च महीने में उसने अपने घर वालों के साथ मिलकर उसके शरीर में आग लगाकर जला कर मारने की कोशिश की थी।
इस घटना की जानकारी मिलने के बाद महिला थाना की पुलिस मामले की छानबीन की और झुलसी महिला के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस की टीम मामले की जांच कर रही थी। इस बीच पता चला कि आरोपित पति कटिहार जिले में रह रहा है। फिर पुलिस की टीम को कटिहार में भेजा गया। जहां से उसे गिरफ्तार कर गोपालगंज लाया गया। गुरुवार को सदर अस्पताल में कोरोना जांच कराने के बाद आरोपित पति को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।