गोपालगंज। व्हीएसआरएस संवाददाता: नगर थाना क्षेत्र के बसडिला गांव के पास नेशनल हाईवे पर सड़क दुर्घटना में एक बाइक पर सवार पति पत्नी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जख्मी लोगों को इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले के कोठीभार थाना क्षेत्र के सिसवा बाजार के रहने वाले व्याकुल कसेरा अपनी पत्नी संगीता देवी के साथ गोपालगंज नगर थाना क्षेत्र के हरखुआ गांव में आ रहे थे।
इस बीच वे गोपालगंज नगर थाना क्षेत्र के बसडीला गांव के पास पहुंचे की नेशनल हाईवे पर उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों पति-पत्नी गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। आसपास के लोगों की मदद से इलाज के लिए दोनों को सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों की देखरेख में दोनों का इलाज किया जा रहा है। घायल व्याकुल कसेरा ने बताया कि उनकी पत्नी अपने भाई को राखी बांधने के लिए मायके जा रही थी। जिसे लेकर वे अपने गांव से नगर थाना क्षेत्र के हरखुआ में जा रहे थे।
इस बीच बसडीला गांव के पास नेशनल हाईवे पर उनकी बाइक असंतुलित हो गई। जिससे गिरकर दोनों घायल हो गए। इस हादसे की सूचना मिलने के बाद संगीता देवी के मायके वाले भी सदर अस्पताल में पहुंच गए। जहां इमरजेंसी वार्ड में उनकी मौजूदगी में दोनों का इलाज किया गया। इलाज के बाद संगीता देवी के मायके वाले दोनों को जख्मी अवस्था में लेकर अपने घर के लिए चले गए।